1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: मुबई में संक्रमित मामलों की संख्या 1753, अबतक 111 लोगों की हुई मौत

Coronavirus: मुबई में संक्रमित मामलों की संख्या 1753, अबतक 111 लोगों की हुई मौत

मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 204 नये मामले सामने आये और इसके साथ ही देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमण का कुल मामला बढ कर 1753 हो गया है । बृहन्मुंबई नगर निगम ने इसकी जानकारी दी ।

Coronavirus: मुबई में संक्रमित मामलों की संख्या 1753, अबतक 111 लोगों की हुई मौत - India TV Hindi
Image Source : PTI Coronavirus: मुबई में संक्रमित मामलों की संख्या 1753, अबतक 111 लोगों की हुई मौत 

मुंबई: मुंबई में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 204 नये मामले सामने आये और इसके साथ ही देश की आर्थिक राजधानी में संक्रमण का कुल मामला बढ कर 1753 हो गया है । बृहन्मुंबई नगर निगम ने इसकी जानकारी दी । बीएमसी ने बताया कि मंगलवार को इस वायरस के संक्रमण के कारण 11 लोगों की मौत हो गयी, जिससे अब तक कोविड—19 के कारण मरने वालों की संख्या 111 हो गयी है ।

निगम ने बयान जारी कर बताया कि इस बीच, इस घातक वायरस के संक्रमण से ठीक होकर 23 अन्य लोगों को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी । इसके अनुसार अबतक कुल 164 लोगों को छुट्टी दी जा चुकी है । इसमें कहा गया है कि मंगलवार को जिन 11 लोगों की मौत हुई है उनमें से नौ की स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं थी जबकि दो अन्य उम्र संबंधी समस्या से ग्रसित थे ।

नगर निगम ने बताया कि कोरोना के संदिग्धों की जांच के लिये 90 अस्थायी विशेष स्क्रीनिंग क्लिनिक बनाये गये हैं । बयान में कहा गया है, 'इन क्लिनिकों में कुल 3518 लोगों की स्क्रिनिंग हुई है जबकि पांच से 13 अप्रैल के बीच 1384 लोगों के नमूने एकत्र किये गये हैं । 

देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होकर जान गंवाने वाले लोगों की संख्या मंगलवार को 353 हो गई है जबकि इससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या 10,363 है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सोमवार शाम से अब तक मरने वालों की संख्या में 29 का इजाफा हुआ है, जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या 1463 की बढ़ोतरी के साथ 10815 पर पहुंच गयी है। अब तक 1189 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है और 9272 लोगों का अब भी इलाज जारी है। इनमें से 76 विदेशी नागरिक हैं।

मंत्रालय के अनुसार सोमवार शाम से पिछले 24 घंटे में 29 मरीजों की मौत हो चुकी है, इनमें से 11 महाराष्ट्र, सात मध्य प्रदेश और चार दिल्ली के हैं। जबकि कर्नाटक के तीन, आंध्र प्रदेश के दो और पंजाब एवं तेलंगाना के एक एक मरीज की मौत पिछले 24 घंटों में हुयी है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में जान गंवाने वाले 353 लोगों में से सबसे अधिक 160 महाराष्ट्र के हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में 50, दिल्ली में 28, गुजरात में 26 और तेलंगाना में 17 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पंजाब में 12 और तमिलनाडु में 11 तथा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में नौ-नौ लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सात, उत्तर प्रदेश में पांच, जम्मू-कश्मीर में चार, केरल, हरियाणा एवं राजस्थान में तीन-तीन और झारखंड में दो तथा बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में अब तक इस संक्रमण के कारण एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। 

 

 

Latest India News

Related Video