Coronavirus: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये किये जा रहे प्रयासों और इससे जुड़े अन्य मुद्दों पर आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना वायरस के प्रकोप को लेकर उत्पन्न हो रही स्थिति और इससे निपटने के लिए किये जा रहे प्रयासों को लेकर आज रात में देश को संबोधित करेंगे। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को दी। पीएमओ ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 19 मार्च 2020 को रात आठ बजे देश को संबोधित करेंगे जिसमें वह कोरोना वायरस को लेकर मुद्दों और इससे निपटने को लेकर प्रयासों पर बात करेंगे।’’ एक अन्य ट्वीट में पीएमओ ने कहा कि मोदी ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए जारी प्रयासों की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें कहा गया, ‘‘भारत की तैयारियों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 151 हुई
देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के 14 और मामले सामने आने के बाद बुधवार को इस घातक विषाणु से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 151 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन मामलों में दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में जान गंवाने वाले तीन लोग और 25 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। 25 विदेशी नागरिकों के मामलों में से इटली से 17, फिलीपीन्स के तीन, कनाडा, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और सिंगापुर से एक-एक मामला है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कोविड 2019 के पूरे भारत में अब तक इससे संक्रमित 134 लोगों का इलाज चल रहा है।’’ उन्होंने बताया कि 14 अन्य ठीक हो गये है या उन्हें छुट्टी दे दी गई है जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है। अधिकारी ने बताया कि संक्रमित लोगों के संपर्क में आए 5,700 से अधिक लोगों पर निकटता से नजर रखी जा रही है। दिल्ली में संक्रमण के अब तक 10 मामले सामने आए हैं जिनमें एक विदेशी शामिल हैं जबकि उत्तर प्रदेश में एक विदेशी समेत 16 मामले दर्ज किए गए हैं।
राजस्थान में 31 मार्च तक धारा 144
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों के जीवन पर खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भर में प्रथम चरण में 31 मार्च तक धारा 144 लागू किए जाने के निर्देश दिए हैं। गहलोत ने झुंझुंनू में जिस स्थान पर कोरोना वायरस से संक्रमित तीन रोगी पाए गए हैं, वहां अगले दो दिन तक मरीजों के घर से एक किलोमीटर के दायरे में कर्फ्यू लगाए जाने के निर्देश दिए हैं ताकि अन्य लोगों में संक्रमण फैलने से रोका जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि विदेशों से हवाई मार्ग से आने वाले यात्रियों को हवाईअड्डे के पास स्थित होटलों में ठहराकर उनकी पूरी स्क्रीनिंग की जाए। इसके लिए तीन होटल चिन्हित किए गए हैं। जांच में लक्षण सामने आने पर ऐसे व्यक्तियों को 14 दिन तक अपने घर में पृथक रहने का निर्देश दिया जाए।
नीति आयोग ने टीका विकसित करने की जरूरतों पर बैठक की
कोविड-19 का टीका विकसित करने के तहत अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) की जरूरतों के मद्दनेजर नीति आयोग के सदस्य वी के पॉल ने बुधवार को सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के़ विजय राघवन के साथ बैठक की। चीन में दिसंबर में फैले इस वायरस ने दुनियाभर के 155 देशों को चपेट में ले लिया है और करीब दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि आठ हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। नीति आयोग ने एक ट्वीट में कहा कि उसके सदस्य डॉ वी के पॉल ने सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के साथ कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए आरएंडडी की आवश्यकताओं के मद्दनेजर बैठक की अध्यक्षता की।
कर्नाटक में तीन और लोग संक्रमित पाए गए, संख्या बढ़कर 14 हुई
बेंगलुरु में कोरोना वायरस से बुधवार को तीन और मामले सामने आने के बाद कर्नाटक में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई । तीन नए संक्रमित मामलों में 13 मार्च को स्पेन के मेड्रिड से लौटा 25 वर्षीय व्यक्ति, क्रमश: छह और 10 मार्च को अमेरिका से लौटी 56 साल की महिला और 35 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में कहा गया है, “ कर्नाटक में आज की तारीख तक कोविड-19 के 14 पॉजिटिव मामले रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत भी शामिल है।” बुलेटिन के मुताबिक, कोरोना वारयस के 13 पॉज़िटिव मरीज़ों को अलग-अलग अस्पतालों में पृथक रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है।
पंजाब में कैदियों को रिहा किए जाने का प्रस्ताव
कोरोना वायरस प्रकोप की रोकथाम और कैदियों की भीड़ कम करने के मद्देनजर पंजाब जेल विभाग ने राज्य की विभिन्न जेलों में बंद तीन हजार ड्रग तस्करों और 2800 छोटे अपराधियों को रिहा किए जाने का प्रस्ताव दिया है। कारा मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बुधवार को यहां कहा, '' हमने राज्य सरकार को अदालत और पुलिस से विचार करके ऐसे तीन हजार कैदियों को रिहा किए जाने के प्रस्ताव पर फैसले करने को कहा, जिन्हें छोटी मात्रा में ड्रग्स रखने पर पकड़ा गया था।'' मंत्री ने बताया कि विचार के बाद करीब 2800 छोटे अपराधियों को भी रिहा किए जाने का प्रस्ताव दिया है।