इलाहाबाद: अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि दो साल पहले नरेन्द्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से अर्थव्यवस्था को लाभ मिला है तथा निर्णय करने की प्रक्रिया मजबूत हुई है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने यहां कहा कि सरकार ने समन्वित आर्थिक दृष्टिकोण अपनाया जिसके परिणामस्वरूप अर्थव्यवस्था का विकास 7.9 प्रतिशत हो गया है तथा कृषि विकास नकारात्मक स्थिति से बाहर आ रहा है।
उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पारित प्रस्ताव के बारे में संवाददाताओं को बताया, कृषि विकास अब 2.4 प्रतिशत था जो पूर्व में शून्य दशमलव दो प्रतिशत पर था, स्थिति नकारात्मक थी। गडकरी ने कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग शासनकाल में 3.5 करोड बैंक खाते थे। किन्तु प्रधानमंत्री जन धन योजना के शुरू होने के बाद से खाताधारकों की संख्या बढ़कर 21.80 करोड़ हो गई जिसमें से कई डेबिट कार्ड और बीमा दुर्घटना जैसी सुविधाओं का लाभ भी ले रहे हैं। देश के कृषक समुदाय के उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अगले चार साल में लंबित सिंचाई योजनाओं को पूर्ण करने के लिए केन्द्रीय बजट में 50 हजार करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब यूरिया को पाने के लिए झगड़े हुआ करते थे। अब 25 लाख टन यूरिया उत्पादित की जा रही है तथा यह आसानी से उपलब्ध है।
भाजपा नेताओं ने संगम में लगाई पवित्र डुबकी
उत्तर प्रदेश में सत्ता पाने के मकसद से मिशन 2017 की रणनीति बनाने के लिए भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भाग लेने आए आए पार्टी नेताओं में से कई ने गंगा, यमुना एवं पौराणिक नदी सरस्वती के संगम में पवित्र डुबकी लगाई। केन्द्रीय मंत्री सदानन्द गौड़ा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर एवं पार्टी प्रवक्ता सम्बित पात्रा को सोमवार को डुबकी लेते हुए देखा गया जबकि गुजरात की मुख्यमंत्री आनन्दी बेन पटेल ने रविवार को डुबकी लगाई थी। बहरहाल, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा एवं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी तब एक विचित्र स्थिति में पड़ गए जब वे रविवार को ऐतिहासिक आनन्द भवन देखने गए।
चंद्रशेखर आजाद के स्मारक पर मोदी ने अर्पित की पुष्पांजलि
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के सिलसिले में यहां आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क जा कर इस प्रख्यात क्रांतिकारी को पुष्पांजलि अर्पित की। आठ दशक से अधिक समय पूर्व इसी पार्क में आजाद ने अंग्रेजों से लड़ते हुए अंतिम सांस ली थी। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करने के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेने की खातिर केपी इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स ग्राउंड रवाना हो गए। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। प्रधानमंत्री ने हाथ हिला कर उनका अभिवादन किया। बैठक के लिए जाते समय प्रधानमंत्री का काफिला चंद्रशेखर आजाद पार्क में रूका और वहां उन्होंने आजाद को पुष्पांजलि अर्पित की। आजाद ने संकल्प लिया था कि अंग्रेज उन्हें उनके जीते जी नहीं पकड़ सकेंगे और उन्होंने 27 फरवरी 1931 को अंग्रेजों से लड़ते हुए अपनी कनपटी में गोली मार ली थी।
Latest India News