1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में भ्रष्टाचार उद्योग फल-फूल रहा है: राजनाथ

केरल में भ्रष्टाचार उद्योग फल-फूल रहा है: राजनाथ

केरल में कांग्रेस और माकपा पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने धोखाधड़ी करके और लोगों को गुमराह करके एक के बाद एक सरकार बनाई और राज्य में केवल भ्रष्टाचार उद्योग फल-फूल रहा है।

rajnath- India TV Hindi
rajnath

तिरवनंतपुरम: केरल में कांग्रेस और माकपा पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने धोखाधड़ी करके और लोगों को गुमराह करके एक के बाद एक सरकार बनाई और राज्य में केवल भ्रष्टाचार उद्योग फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि साक्षरता और जीवन जीने की उम्मीदों में केरल अन्य राज्यों से कहीं आगे है वहीं औद्योगिक विकास में यह पीछे है। उन्होंने कहा, यहां कोई उद्योग नहीं बढ़ता। यहां केवल भ्रष्टाचार उद्योग फल-फूल रहा है।

राजनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी नीत केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। उन्होंने कहा, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि हमारे खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप क्यों नहीं हैं और यूडीएफ और एलडीएफ के खिलाफ हैं। सिंह ने कहा कि राज्य में कांग्रेस और वामपंथी एक दूसरे के खिलाफ लड़ते हैं लेकिन केंद्र में हाथ मिला लेते हैं और सरकार बनाने को भी तैयार रहते हैं।

पश्चिम बंगाल में दोनों के बीच गठबंधन की चर्चा चल रही है। केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने कहा कि भाजपा ने निकाय चुनावों में खास तौर पर तिरवनंतपुरम में अच्छा प्रदर्शन किया है जहां उसने 100 में से 35 सीटें जीती हैं। उन्होंने कहा कि 1960 के बाद से लगातार एक के बाद एक यूडीएफ और एलडीएफ सरकार चला रहे हैं। संसाधनों की कोई कमी नहीं रही लेकिन युवाओं को अवसर नहीं मिलते।

Latest India News