1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. युवक का शव मिलने के बाद श्रीनगर के कुछ हिस्सों में लगाया गया कफ्र्यू

युवक का शव मिलने के बाद श्रीनगर के कुछ हिस्सों में लगाया गया कफ्र्यू

यहां हरवां इलाके में कल शाम संघर्षों में एक किशोर की मौत के बाद आज कफ्र्यू लगा दिया गया जबकि गीष्मकालीन राजधानी के कुछ हिस्सों और कश्मीर के दो शहरों में कुछ रोक जारी है।

kashmir- India TV Hindi
Image Source : PTI kashmir

श्रीनगर: यहां हरवां इलाके में कल शाम संघर्षों में एक किशोर की मौत के बाद आज कफ्र्यू लगा दिया गया जबकि गीष्मकालीन राजधानी के कुछ हिस्सों और कश्मीर के दो शहरों में कुछ रोक जारी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, आज सुबह श्रीनगर शहर के हरवां इलाके में कफ्र्यू लगा दिया गया है जबकि शहर के भीतरी इलाकों के पांच थाना क्षेत्रों और बटमालू में कफ्र्यू जारी है। कल देर रात शहर के हरवां इलाके में एक युवक का शव बरामद किया गया जिसके शरीर पर एक पेलेट गोली लगी थी। कल इलाके में संघर्षों के दौरान सुरक्षा बलों के प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के दौरान वह कथित तौर पर घायल हो गया था।

प्रतिबंधों और अलगाववादियों के बंद के आह्वान के कारण हिंसा प्रभावित घाटी में लगातार 71 वें दिन जनजीवन प्रभावित हुआ है। अधिकारी ने बताया कि मध्य कश्मीर और दक्षिण में पुलगाम शहरों में भी कफ्र्यू जारी है। उन्होंने बताया कि कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटी के शेष हिस्सों में लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध जारी है। अलगाववादियों ने 22 सितंबर तक विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम बढ़ा दिया है। उन्होंने हड़ताल के दौरान, यहां तक की शाम में भी किसी तरह की छूट की घोषणा नहीं की है। दुकान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप लगातार बंद हैं जबकि सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन नजर नहीं आया।

अलगाववादी द्वारा बंद के आह्वान के कारण स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रही। पूरी घाटी में 12 सितंबर शाम चार बजे से बीएसएनएल के पोस्टपेड कनेक्शन को छोड़कर मोबाइल टेलीफोन और ब्रॉडबैंड सर्विस सहित इंटरनेट सेवा लगातार ठप्प पड़ी हुयी है। दक्षिण कश्मीर में आठ जुलाई को सुरक्षा बल के साथ एक मुठभेड़ में हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकवादी बुरहान वानी के मारे जाने के एक दिन भड़की हिंसा में दो पुलिसकर्मी सहित 81 लोगों की मौत हो गयी है।

Latest India News