1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर घाटी के 4 जिलों से हटा कर्फ्यू, लेकिन कई जगह अब भी जारी

कश्मीर घाटी के 4 जिलों से हटा कर्फ्यू, लेकिन कई जगह अब भी जारी

स्थिति में सुधार को देखते हुए कश्मीर के 4 जिलों और श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों से आज कर्फ्यू हटा लिया गया लेकिन ऐहतियात के तौर पर घाटी के बाकी हिस्सों में यह जारी है।

curfew called off in four districts of Kashmir valley- India TV Hindi
curfew called off in four districts of Kashmir valley

श्रीनगर: स्थिति में सुधार को देखते हुए कश्मीर के 4 जिलों और श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों से आज कर्फ्यू हटा लिया गया लेकिन ऐहतियात के तौर पर घाटी के बाकी हिस्सों में यह जारी है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘बांदीपोरा, बारामूला, बडगाम और गांदरबल जिलों के साथ-साथ श्रीनगर शहर के कुछ हिस्सों से स्थिति में सुधार को देखते हुए कर्फ्यू हटा लिया गया है।’’ अधिकारी ने बताया कि जिन इलाकों से कर्फ्यू हटाया गया है, वहां CRPC की धारा 144 के तहत चार या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लागू है। उन्होंने बताया कि घाटी के अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा और शोपियां जिलों के अलावा शहर के 8 पुलिस थानों में कर्फ्यू अब भी लागू है।

अब तक घाटी में स्थिति शांतिपूर्ण रही है। हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान वानी के सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के एक दिन बाद 9 जुलाई से कश्मीर में सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा है।

जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कल फिर से झड़प हो गयी थी, जिसमें एक युवक की जान चली गयी। वानी के मारे जाने के बाद प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में अब तक 45 लोग अपनी जान गंवा चुके है और 3400 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Latest India News