छतरपुर: जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर गनेशपुरा गांव में बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। 11 वर्षीय दलित समाज की एक लड़की को कुछ दबंगों ने केवल इस बात के लिए पीटा क्योंकि उच्चजाति के व्यक्ति पर उसकी छाया पड़ गई थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज पांडे ने आज बताया कि दलित लड़की और उसके परिजनों की शिकायत पर गांव के दबंग परिवार की महिलाओं के खिलाफ भादंवि की धारा 323, धारा 341, धारा 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि 13 जून को उसकी बेटी (लक्ष्मी) गांव के सार्वजनिक हैंडपंप पर पानी भरने गयी थी। तभी वहां से गुजर रहे पूरन यादव पर लड़की की छाया पड़ने की बात को लेकर यादव परिवार की महिलाओं ने लड़की की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के बाद दबंगों ने धमकी दी कि यदि दोबारा लड़की हैंडपंप पर दिखाई दी तो उसे जान से मार दिया जायेगा।
पांडे ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पीडि़त बालिका के बयान के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है।
Latest India News