D-गैंग का अगला सुल्तान कौन ? खुद तय करेगा डॉन
नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है। खबर है कि बूढ़े हो चुके डॉन ने अब रिटायरमेंट का मन बना लिया है। चंद घंटों बाद दाऊद की एक भव्य

नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है। खबर है कि बूढ़े हो चुके डॉन ने अब रिटायरमेंट का मन बना लिया है। चंद घंटों बाद दाऊद की एक भव्य पार्टी होने वाली है और इस बर्थडे पार्टी में दाऊद अपने नए उत्तराधिकारी का ऐलान कर सकता है। लेकिन बड़ा सवाल है कि डॉन का नया वारिस कौन होगा।
कैलेंडर पलटेगा, रिटायर होगा दाऊद!
सिर्फ 48 घंटे का इंतजार है और काउंटडाउन शुरू है। पूरा अंडरवर्ल्ड एक ऐसी पार्टी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है, जिस पर सिर्फ हिंदुस्तान ही नहीं दुनिया के 12 मुल्कों की नजर है। ये पार्टी है दाऊद इब्राहिम की। एक ऐसी पार्टी जहां दाऊद के नए वारिस का ऐलान हो सकता है। 26 दिसंबर को दाऊद में अपना 60वें बर्थडे का जश्न मनाने जा रहा है। तारीख करीब आ रही है बस दो दिन और है।
दाऊद की ये पार्टी कहां होगी कराची में या दुबई में, दाऊद के गुर्गों ने इसे टॉप सीक्रेट रखा है। दुनियाभर के मेहमानों के लिए होटल के कमरे बुक हैं लेकिन जिसको न्योता मिला है उसे भी नहीं पता कहां जाना है। सबकुछ आखिरी वक्त में बताया जाएगा। फिलहाल पार्टी कहां होगी इससे भी ज्यादा अहम सवाल ये है कि दाऊद का नया उत्तराधिकारी कौन होगा?
दाऊद का उत्तराधिकारी कौन ?
अनीस इब्राहिम दाऊद का छोटा भाई है। वह हर पल डॉन के साथ साए की तरह रहता है। अंग्रेजी अखबार मुंबई मिरर की खबर है कि अनीस इब्राहिम का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। दाऊद अपने इस भाई पर सबसे ज्यादा भरोसा करता है। गैंग में अनीस की हैसियत पहले से ही नंबर 2 की थी। इसके अलावा छोटा शकील भी दाऊद का सबसे भरोसेमंद सहयोगी माना जाता है। 1982 से ही डॉन के साथ रहने वाला शकील भी उत्तराधिकारी बनने की इस रेस में शामिल है।
डी कंपनी में छोटा शकील कई मौकों पर अपनी काबिलियत साबित कर चुका है। दाऊद के सट्टेबाजी, फिरौती और ड्रग्स के धंधे को बखूबी चला भी चुका है। लेकिन खबर है कि शकील की दावेदारी अनीस के आगे कमजोर पड़ रही है और वजह सिर्फ एक है अनीस दाऊद का सगा भाई है।
दाऊद को करीब से जानने वाले यही मानकर चल रहे हैं कि डॉन के रिटायरमेंट के बाद अनीस इब्राहिम डी-कंपनी का नया बॉस बनेगा। छोटा शकील को दूसरी जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि अनीस और शकील के बीच किसी तरह का मनमुटाव न हो। इस झगड़े की आशंका को खत्म करने के लिए भी दाऊद ने पूरा प्लान तैयार किया है। खबर है कि दाऊद अनीस को डी-कंपनी का नया बॉस बनाकर उसे ड्रग्स, हवाला और तस्करी के कारोबार का जिम्मा सौंप सकता है। नकली नोट का धंधा भी अनीस की देखरेख में ही होगा और पूरी डी-कंपनी अनीस को रिपोर्ट करेगी।
दाऊद ने अनीस को बड़ी जिम्मेदारी देने का फैसला भले ही कर लिया है लेकिन उसे छोटा शकील की भी फिक्र है। छोटा शकील से क्या करवाना है ये भी करीब-करीब तय है। छोटा शकील को डी-कंपनी का नया वजीर यानी सीईओ बनाया जा सकता है। शकील को एक्सटॉर्शन, बॉलीवुड से फिरौती और सट्टेबाजी का कारोबार मिल सकता है। इसके अलावा दाऊद, शकील को गैंग ऑपरेट करने की जिम्मेदारी भी सौंप सकता है।
दाऊद के इस रिटायरमेंट प्लान की हर तरफ चर्चा है। सबकी नजरें 26 दिसंबर को होने वाली पार्टी पर टिकी हुई हैं। पार्टी का वेन्यू कहां है इसका खुलासा जश्न शुरू होने से चंद मिनट पहले ही किया जाएगा। मेहमानों को दाऊद के गुर्गे अपनी गाड़ी में बैठा कर ले जाएंगे।
200 मेहमानों को मिला पार्टी का न्योता
करीब 200 मेहमानों को न्योता मिला है। मोबाइल, घड़ी, हथियार और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पाबंदी रहेगी। दुनियाभर के बड़े बिजनेसमैन, नेताओं और डिप्लोमेट को बुलाया गया है। पार्टी को यादगार बनाने के लिए दुबई, हिंदुस्तान और पाकिस्तान के खानसामा को विशेष तौर पर बुलाया गया है। खबर है कि भारत से 35 गेस्ट भी बुलाए गए हैं। दाऊद की इस पार्टी में जो लोग भी मेहमान हो सकते हैं उनकी खुफिया एजेंसियों ने अभी से निगरानी शुरू कर दी है।