नई दिल्ली: अंडरवल्र्ड डॉन दाउद इब्राहिम के पाकिस्तान में नौ मकान हैं जिसमें एक मकान उसने दो साल पहले पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल जरदारी भुट्टो के घर के पास खरीदा है। दाउद के पास तीन पाकिस्तानी पासपोर्ट हैं जिसे वह अक्सर यात्रा के लिए इस्तेमाल करता है।
पाकिस्तान को सौंपे जाने के लिए भारत की ओर से तैयार एक डॉजियर के मुताबिक ऐसी नौ जगहें हैं जहां दाउद इब्राहिम पाकिस्तान में रहता है । दाउद अक्सर अपना ठिकाना बदलने के लिए जाना जाता है। दाउद ने कराची के क्लिफटन में जियाउद्दीन अस्पताल के पास शिरीन जिन्ना कॉलोनी में एक नया मकान खरीदा है।
डॉजियर के मुताबिक, यह मकान सितंबर 2013 में खरीदा गया और यह अस्पताल के पास है जहां जरूरत पड़ने पर दाउद को मेडिकल इलाज मुहैया कराया जा सके। यह जगह पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल जरदारी भुट्टो के आवास के पास ही है ।
इस मकान के अलावा दाउद और जिन मकानों में अक्सर रहता है, वे हैं - कराची के क्लिफटन इलाके में अब्दुल्ला शाह गाजी दरगाह के पास मोइन पैलेस, कराची के डिफेंस हाउसिंग इलाके के फेज-5 में 6ए खैबर तंजीम, इस्लामाबाद-मूरी रोड पर इस्लामाबाद से करीब 20 किलोमीटर दूर भूभन हिल पर स्थित ISI का सेफ हाउस, इस्लामाबाद के मरगल्ला रोड पर पी 6 बाई 2, स्ट्रीट नंबर-22, मकान नंबर- 29, कराची के आमिर खान रोड के ब्लॉक 7-8 में 17 सी पी बाजार सोसाइटी में, कराची के डीएचए फेज-6 एक्सटेंशन की 30वीं स्ट्रीट में, कराची के क्लिफटन के तावर इलाके के परदेसी हाउस 3 के पास मोहरान स्क्वेयर की 8वीं मंजिल पर और कराची के नूरियाबाद के पहाड़ी इलाके में एक आलीशान बंगला।
Latest India News