बेंगलूरु: मैसूर के 18वीं सदी के शासक टीपू सुल्तान की जयंती मनाने को लेकर विवाद बढ़ने के बीच ग्यानपीठ पुरस्कार विजेता गिरीश कर्नाड और भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिली है। वहीं भाजपा ने आज कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे की मांग की।
मुखर कन्नड़ नाटककार और अभिनेता कर्नाड तथा मैसूरू से भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा को टीपू सुल्तान के बारे में टिप्पणी करने को लेकर कथित तौर पर सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गयी है। इस बीच टीपू की जयंती मनाने को लेकर मदिकेरी में मंगलवार को हुयी हिंसा में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गयी है। गोलियों से जख्मी एक युवक की मौत हो गयी।
कर्नाटक सरकार ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से टीपू की जयंती मनायी थी। टीपू के शासन को लेकर मतभेद है और कुछ इतिहासकार उन्हें राष्ट्रभक्त बताते हैं जो ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी से लड़े। दूसरी ओर राज्य के लोगों का एक तबका उन पर हिन्दू और ईसाई दोनों के धार्मिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाता है। भाजपा और कुछ अन्य हिन्दू दक्षिणपंथी संगठनों ने समारोह का बहिष्कार किया था और विरोध में प्रदर्शन किया था।
कर्नाड की उनकी इस टिप्पणी को लेकर खासी आलोचना हुई कि बेंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम शहर के संस्थापक केंपे गौड़ा के बदले टीपू सुल्तान के नाम पर रखा जाना चाहिए। कर्नाड को उनके बयान के लिए ट्विटर पर धमकी मिली कि उनका हश्र तर्कवादी एम एम कलबुर्गी के समान ही होगा।
गौरतलब है कि उत्तरी कर्नाटक के धारवाड में दो लोगों ने हाल में कलबुर्गी की हत्या कर दी थी।
मैसूर-कोडागु के भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा को भी एक फेसबुक पोस्ट के जरिए जान से मारने की धमकी दी गयी। सिम्हा ने मदिकेरी में हिंसा को लेकर टिप्पणी की थी।
Latest India News