1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उफ गर्मी: MP और UP में चिलचिलाती धूप, तेलंगाना में 219 मौत

उफ गर्मी: MP और UP में चिलचिलाती धूप, तेलंगाना में 219 मौत

देशभर में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लू और गर्म हवाओं का कहर लोगों की जान लेने पर आमादा है।

summer- India TV Hindi
summer

नई दिल्ली: देशभर में गर्मी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लू और गर्म हवाओं का कहर लोगों की जान लेने पर आमादा है। तेलंगाना में लू से मरने वालों की संख्या अब तक 219 के आंकड़े को छू चुकी है। हालांकि बीते 24 घंटों में चली हवाओं ने पहले के मुकाबले थोड़ी राहत जरूर दी है, लेकिन आगे आने वाले दिनों में पारे के और ऊपर चढ़ने का अनुमान है। पढ़िए आज देशभर में कैसा रहा गर्मी का मिजाज।   

तेलंगाना में लू से मरने वालों की संख्या 219 हुई

तेलंगाना में पिछले 24 घंटों के दौरान लू से कथित तौर पर हुई 41 अतिरिक्त मौतों के साथ ही राज्य में लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 219 पहुंच गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि बुरी तरह प्रभावित नलगोंडा जिले में सोमवार से 23 लोगों के मरने की खबर है। जिले में अब तक कुल 76 मौतें हो चुकी हैं। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि खम्माम जिले में 12 से अधिक लोगों के मरने की खबर है।

महबूबनगर जिले में मरने वालों की संख्या 35, मेडक में 31, आदिलाबाद में 19, करीमनगर में 16, रंगा रेड्डी में 10, निजामाबाद में नौ और वारंगल में एक व्यक्ति के मरने की खबर है। हैदराबाद से अब तक किसी के मरने की खबर नहीं है।

मप्र में धूप, गर्म हवाओं का असर

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित कई स्थानों पर मंगलवार सुबह तेज धूप व गर्म हवाओं का असर देखा गया। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रहने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान चली हवाओं ने गर्मी से कुछ राहत दी, लेकिन तापमान में गिरावट नहीं आई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में हवाएं चलने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं सागर व रीवा संभाग में लू का असर बना रहेगा।

भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री, इंदौर में 24.2 डिग्री, ग्वालियर में 29.4 डिग्री और जबलपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले यानी सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री, इंदौर में 39 डिग्री, ग्वालियर में 45.4 डिग्री और जबलपुर में 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उप्र में चिलचिलाती धूप

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को चिलचिलाती धूप रही। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व की ओर से चलने वाली हवाओं की वजह से अगले कुछ दिनों में गर्मी से राहत मिल सकती है। उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में लू से थोड़ी राहत मिलेगी। दक्षिण-पूर्व की ओर से आने वाली हवाएं नमी लेकर आएंगी जिससे गुरुवार तक हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ के अलावा बनारस में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री, कानपुर में 25.6 डिग्री, गोरखपुर में 26.4 डिग्री, बांदा में 27 डिग्री, इलाहाबाद में 27 डिग्री और झांसी में 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू एवं कश्मीर को अगले 3 दिनों में गर्मी से मिलेगी राहत

जम्मू एवं कश्मीर विशेषकर जम्मू क्षेत्र को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने मंगलवार को अगले तीन दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "हम जम्मू एवं कश्मीर में मंगलवार से अगले तीन दिनों में हल्की बारिश होने की उम्मीद करते हैं। यह जम्मू क्षेत्र में जारी लू से कुछ राहत देगी।"

उन्होंने कहा, "कल (सोमवार) अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह जम्मू में इस गर्मी का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।" मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू शहर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Latest India News