कश्मीर में हिंसा में मरने वालों की संख्या 35 तक पहुंच गई है जबकि 1600 लोग घायल हुए हैं जिनमें सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। दक्षिण कश्मीर के चार ज़िलों, श्रीनगर के 8 थाना क्षेत्रों और उत्तर कश्मीर के सभी इलाकों में कर्फ्यू जारी है।
आतंकी बुरहान वानी की मौत के विरोध में बंद के आव्हान को देखते हुए सुरक्षा का भारी बंदोबस्त किया गया है। बंद 15 जुलाई तक रहेगा। पिछले शुक्रवार को सुरक्षा बल ने एक मुठभेड़ में आतंकी बुरहान को मार गिराया था और तभी से घाटी में हिंसा जारी है।
साउथ कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा, कुलगाम और शोपियां तथा उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, सोपोर, पल्हालन मागम और पत्तन शहरों में आज भी कर्फ़्यू जारी है।
इस बीच अलगाववादी नेता यासीन मलिक को गिरफ़्तार कर लिया गया। प्रशासन ने शुक्रवार से हुर्रियत नेता सय्यद अली शाह गिलानी, मीरवाइज़ उमर फ़ारुक़, मोहम्मद अशरफ़ सहराई, नईम अहमद ख़ान, अयाज़ अकबर, पीर सैफ़ुल्लाह, अल्ताफ़ अहमद शाह आदि नेताओं को शुक्रवार शाम से नज़रबंद कर रखा है।
कश्मीर में हिंसा के बाद से इंटरनेट सेवा बंद है और ट्रेन भी नहीं चल रही हैं। कर्फ़्यूग्रस्त इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई है। बलटाल और पहलगाम मार्गों पर अमरनाथ यात्रा जारी है।
Latest India News