नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू होने के कुछ घंटे बाद ही आज दिलशाद गार्डन और रिठाला स्टेशन को जोड़ने वाली दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन पर सेवाओं में कटौती कर दी गई। मेट्रो सेवा में यह कटौती तब की गई जब 23 किलोमीटर लंबे इस रेड लाइन कोरिडोर पर ओवरहेड तार दो जगह टूट गई।
इसके साथ ही यात्री सुबह एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर करीब 25 मिनट तक फंसे रहे जब इंदिरा गांधी एयरपोर्ट स्टेशन पर एक ट्रेन के दरवाजों में गड़बड़ी आ गई। रेड लाइन पर ट्रेनें तीस हजारी से रिठाला स्टेशनों के बीच तथा कश्मीरी गेट से दिलशाद गार्डन के बीच एकल लाइन पर ही दौड़ रही हैं।
मेट्रो के एक अधिकारी ने कहा, सेवाओं में दोपहर डेढ़ बजे के बाद से कटौती की गई है। ओवर हेड उपकरण कर्मचारी (ओएचई) कैटेनरी तार की मरम्मत का प्रयास कर रहे हैं जो दिलशाद गार्डन और शास्त्रीपार्क के बीच दो जगह टूट गई है।
सम-विषम योजना के दौरान 200 मेट्रो ट्रेनें प्रतिदिन करीब 3248 चक्कर लगाएंगी। इसके साथ ही स्टेशनों से शहर में विभिन्न स्थानों के लिए 15 अतिरिक्त मेट्रो फीडर बसें उपलब्ध होंगी।
Latest India News