नई दिल्ली: दिल्ली के जनकपुरी इलाके से एक किशोर के गायब होने की खबर आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव मिश्रा नाम का यह 13 वर्षीय किशोर अपने दोस्त से मिलने गया था, लेकिन घर वापस नहीं आया। घटना 16 फरवरी की शाम को 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। यदि किसी को इस बच्चे के बारे में किसी भी प्रकार की सूचना मिले तो बच्चे के परिजन संजीव मिश्रा को 9350265444, 8010775776 पर सूचित कर सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वैभव 16 तारीख की शाम को 4 बजे के करीब अपने घर से जनकपुरी में रहने वाले अपने दोस्त से मिलने के लिए निकला था। वहां वैभव अपने दोस्त के साथ खेला और फिर उससे साइकिल लेकर अपने दूसरे दोस्त से मिलने शिवनगर गया। बताया जा रहा है कि दूसरे दोस्त से भी उसकी मुलाकात हुई और वे थोड़ी देर तक साथ में घूमे भी, और सीसीटीवी में भी ऐसा दिख रहा है। दोस्त से मिलने के बाद वैभव वहां से 5 बजकर 45 मिनट पर अपने घर के लिए निकला और दोस्त से कहा कि साइकिल अपने जनकपुरी वाले दोस्त को देकर घर चला जाएगा।
CCTV फुटेज में दोस्त के साथ वैभव
हालांकि वैभव का उसके बाद से कोई अता-पता नहीं है। वह साइकिल लेकर अपने दोस्त के पास भी नहीं पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच की जा रही है। यदि आपको इस किशोर के बारे में कोई सूचना मिले तो ऊपर बताए गए नंबर पर संपर्क करें।
Latest India News