नई दिल्ली: दिल्ली में बीती रात एक कपड़ा व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। व्यापारी जब अपने घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे लूटापाट की कोशिश की जिसका विरोध करने पर बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मचा है।
क्या है पूरा मामला?
ये दिल दहलाने वाली वारदात दिल्ली के आदर्श नगर थाना के मजलिस पार्क की गली नम्बर दस में हुई। रात के दस बजे का वक्त था। जहांगीरपुरी में कपड़े की दुकान चलाने वाले विजय कुमार रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर के स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वो इस गली में पहुंचे, पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उनका पैसे का बैग छीनने की कोशिश की। विजय कुमार ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें सिर में गोली मार दी।
गोली लगते ही विजय कुमार के सिर से खून का फव्वारा फूट पड़ा और सफेद रंग की स्कूटी खून से लाल हो गई है। इस वारदात के दौरान पीछे से आ रहे एक कार सवार ने शोर मचाना चाहा तो हमलावरों ने उसे भी गोली मार दी।
गोलियों की आवाज़ सुनकर गली के लोग घरों से बाहर निकल आए लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। मौका ए वारदात से कुछ ही दूरी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगा है, लेकिन उसके तार टूटे हुए हैं लिहाज़ा बदमाशों का सुराग नहीं मिल पाया। फिलहाल पुलिस घायल चश्मदीद का बयान लेकर बदमाशों के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।
Latest India News