1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Deadly summer: दिल्ली में पारा 47 पर पहुंचा, नारंगी अलर्ट जारी

Deadly summer: दिल्ली में पारा 47 पर पहुंचा, नारंगी अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को पारा 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, और इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नारंगी अलर्ट जारी कर दिया।

Delhi Summers- India TV Hindi
Delhi Summers

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को पारा 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नारंगी अलर्ट जारी कर लोगों को लू से बचने की सलाह दी है। दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी को झेल रहा है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हम दिल्ली में लू से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। हम अभी भी ताजा आकड़े जुटा रहे हैं। हमने नारंगी अलर्ट घोषित किया है।"

निजी मौसम अनुमानकर्ता स्काईमेट के अनुसार, पालम और नोएडा में तापमान बुधवार को 47 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान की यह स्थिति उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही शुष्क हवाओं के कारण बनी है।

निजी मौसम अनुमान जारी करने वाले स्काईमेट के निदेशक महेश पलवत ने आईएएनएस से कहा, "दिल्ली के पालम इलाके में तापमान 47 डिग्री पहुंच गया। गुजरात के अहमदाबाद में स्थिति और बुरी है, जहां पारा 50 डिग्री सेल्सियस को स्पर्श कर गया। बाद में हालांकि एक डिग्री कम होकर 49 डिग्री पर रहा।"

उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप:

देश के उत्तरी भाग में आज भी भयंकर गर्मी का प्रकोप जारी रहा और लू चलती रही। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर का पारा 47 डिग्री और इससे ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि भारी बारिश से तमिलनाडु और केरल के तटीय इलाकों में क्षति हुई।

राजस्थान के कुछ इलाकों में बहुत तेज गर्मी रही, जबकि बाड़मेर का तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर स्थित मौसम विभाग केन्द्र ने बताया कि अन्य जिलों कोटा, श्रीगंगानगर, वनस्थली, चित्तौड़गढ़, दबोक, जयपुर और अजमेर में भी आज दिन का तापमान क्रमश: 46.3, 46, 45.6, 44.5, 44.3, 44 और 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के बांदा और इलाहाबाद में सर्वाधिक 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

Latest India News