नई दिल्ली: आज सुबह संसद परिसर के पास एक पेड़ से लटककर 39 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के निवासी राम दयाल वर्मा के रूप में की गई है। पुलिस ने कहा कि उसने इस व्यक्ति की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया है। आज सुबह 7:15 मिनट के करीब वर्मा का शव रेलभवन और विजय चौक के पास स्थित मीडिया पार्किंग सेंटर के बीच एक पेड़ से लटका पाया गया।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि उसके परिजन से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
हांलाकि उस नोट में उसने अपनी मौत की वजह क्या बतायी है ये अभी साफ नहीं किया गया है।
वसंत कुंज में ब्यूटिशियन ने भी किया सुसाइड
दिल्ली के वसंत कुंज के किशनगढ़ इलाके में मंगलवार की देर शाम 19 साल की एक युवती ने खुदकशी कर ली। मां का आरोप है कि छेड़छाड़ से तंग आ कर उनकी बेटी ने सुसाइड किया है।
परिवार के मुताबिक़ उनके पड़ोस में रहने वाला नीरज लड़की को लगातार परेशान करता था। लड़की पेशे से ब्यूटीशन थी और उसके ब्यूटी पार्लर के साइन बोर्ड पर लड़की का नंबर था जिसे नीरज ने नोट कर लिया था और फ़ोन करके लगातार तंग कर रहा था। मंगलवार की देर शाम नीरज ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मृतक लड़की का रास्ता रोका और उसके साथ मारपीट की। लड़की ने इसकी खबर अपनी बहन और माँ को दी थी और फिर घर पहुंचकर खुद फांसी का फंदा लगा लिया।
Latest India News