नई दिल्ली : दिल्ली में सड़क पर हुए मामूली झगड़े के बाद 38 वर्षीय एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार रात 11.30 बजे के आसपास हुई।
जब मध्य दिल्ली के आई.पी. इस्टेट इलाके में रहने वाले शाहनवाज अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे तभी दरियागंज में तुर्कमान गेट के पास सामने से आ रही आई-20 कार से उसकी टक्कर हो गई और उसके बाद जो हुआ वह खैफनाक था। आई-20 में सवार चार दबंग आदमियों की शाहनवाज से कहासुनी हुई और देखते ही देखते वो हाथापाई में तबदील हो गई।
कुछ ही पलों में उन दो बच्चों के सामने उनके पिता को मार-मार कर अदमरा कर दिया गया। मामले की खबर मिलते ही देर रात आला अफसर और लोकल पुलिस की टीम वहां पहुंच गई। शाहनवाज को नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात से नाराज़ शाहनवाज़ के परिवार ने तुर्कमान गेट पर काफी हंगामा किया साथ ही लोकल पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। स्थानीय लोगों का ये भी कहना है की घटनास्थल के पास पुलिस चौकी भी थी, लेकिन पुलिस वालों ने इस वारदात को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।
मीडिया खबरों की माने तो हमलावरों में से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव जैसा माहौल है जिसके चलते इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसी टीवी फुटेज की भी जांच कर रही है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना था कि घटनास्थल पर लगा सीसीटीवी फुटेज खराब था। हालांकि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएंगी।
पुलिस उपायुक्त परमादित्य ने बताया कि उन्हें मामले के लिए जिम्मेदार लोगों के बारे में कुछ जानकारियां मिली हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Latest India News