1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शिमला से ज्यादा ठंडी हुयी दिल्ली, तापमान गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

शिमला से ज्यादा ठंडी हुयी दिल्ली, तापमान गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

उत्तर भारत के राज्य बृहस्पतिवार को ठंड की गिरफ्त में रहे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

Delhi cold- India TV Hindi
Delhi cold

नयी दिल्ली: उत्तर भारत के राज्य बृहस्पतिवार को ठंड की गिरफ्त में रहे। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शहर का तापमान इस मौसम के सबसे निचले स्तर पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा क्योंकि शिमला का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 दिसंबर तक दिल्ली में शीत लहर जारी रहेगी। 

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस साल के सामान्य के बराबर रहा। शहर का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान दिसंबर 2014 में दर्ज किया गया था।’’ 

बुधवार को, न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तथा अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। बृहस्पतिवार को कश्मीर के अधिकतर स्थानों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गयी और अधिकांश इलाकों में पारा शून्य से नीचे आ गया। कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले इलाकों में पानी जम गया। 

उन्होंने बताया कि पंजाब और हरियाणा में आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Latest India News