नई दिल्ली: डेंगू के 2 और मरीजों की मौत होने तथा पिछले एक सप्ताह में उसके 613 नए मामले सामने आने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस रोग का भय फैल गया है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी है और इस रोग के रोगियों के इलाज के लिए फीवर क्लीनिक खोले हैं तथा स्थिति से निबटने के लिए 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन शुरू की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने स्थिति की समीक्षा की और दिल्ली सरकार से अपने अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने एवं निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों से अधिक शुल्क वसूलने पर अंकुश लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि यहां केंद्र सरकार के अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। दिल्ली नगर निगम के अनुसार अबतक पांच मरीजों ने डेंगू की वजह से दम तोड़ दिया है।
इस रोग के बढ़ते मामलों पर बढ़ रही चिंता के बीच नगर निगम यह कहते हुए नए आंकड़े के साथ सामने आया कि 1-12 सितंबर के बीच 1041 मरीज डेंगू के परीक्षण में पोजिटिव पाए गए जिनमें 613 मामले पिछले एक सप्ताह के हैं।
पहली जनवरी से 12 सितंबर तक डेंगू के कुल 1872 मामले सामने आए जो पिछले पांच सालों में इस अवधि के दौरान के डेंगू के सर्वाधिक मामले हैं। वैसे निगम ने इस साल डेंगू से पांच मरीजों की मरने की बात कही है लेकिन विभिन्न अस्पतालों से प्राप्त आंकड़े ने उनकी संख्या नौ बतायी है।
यें भी पढें- डेंगू के लिए अपनाएं ये घरेलू उपाय
Latest India News