1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देशभर में धूमधाम से मनी दिवाली, सरहद पर भी दिवाली की मिठास

देशभर में धूमधाम से मनी दिवाली, सरहद पर भी दिवाली की मिठास

नई दिल्ली: देश भर में दिवाली का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया औऱ भारत-पाक सीमा पर भी दोनों देशों के सुरक्षाकर्मियों के बीच मिठाइयां बंटी। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के अमृतसर सेक्टर

भारत-पाक सीमा पर बांटी...- India TV Hindi
भारत-पाक सीमा पर बांटी गई दीवाली की मिठाई

नई दिल्ली: देश भर में दिवाली का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया औऱ भारत-पाक सीमा पर भी दोनों देशों के सुरक्षाकर्मियों के बीच मिठाइयां बंटी। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के अमृतसर सेक्टर कमांडेंट बिपुल बीर गुसैन ने पाकिस्तान रेंजर विंग कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल बिलाल अहमद को जीरो लाइन पर मिठाइयों से भरी टोकरी सौंपी। इस मौके पर सुरक्षाकर्मियों ने एक दूसरे को गले लगाया और दिवाली की बधाइयां दी।

यूपी में छाया दिवाली का उल्लास

लखनउ से मिली रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश में दीपावली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। राज्य के राज्यपाल राम नाईक ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांटी। राजभवन की ओर से जारी बयान के मुताबिक राज्यपाल ने राजकीय बाल शिशु गृह के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां बांटी और उन्हें राजभवन घूमने का निमंत्रण देते हुए जाते वक्त दीपावली के तोहफे के रूप में मिठाई और फुलझडि़यां भी दीं। उधर, प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दिवाली के लिए पटाखे बनाते समय आज शाम विस्फोट होने से एक शख्स की मौत हो गई जबकि दो बच्चे समय तीन अन्य घायल हो गए। एक अन्य घटना में, बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र में दीपदान करने के लिये चित्रकूट जा रहे लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली के एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर खड्ढ में जा गिरने से उस पर सवार 16 श्रद्धालु घायल हो गये।

राजस्थान में रही दिवाली की धूम

राजस्थान में भी दीपावली धूमधाम से मनाई गई। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

हरियाणा में मना दिवाली का जश्न, पर पंजाब में फीकी रही दिवाली

गुरू ग्रंथ साहब को अपवित्र करने की हालिया घटनाओं के मद्देनजर पंजाब में दीपावली का जश्न थोड़ा फीका रहा, जबकि हरियाणा में दीपों के इस पर्व को लोगों ने पारंपरिक अंदाज से मनाया। पंजाब में धार्मिक ग्रंथ को अपवित्र करने की पृष्ठभूमि में शिरोमणि गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सिखों से अपील की थी कि वे सादगी से दीपावली मनाएं। ज्यादातर सिखों ने आज काली दिवाली मनाई। अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में भी दीप प्रज्वल्लित नहीं किए गए तथा यहां कोई आतिशबाजी नहीं की गई।

महाराष्ट्र में भी धूमधाम से मनी दिवाली, पर एक बच्ची की दुखद मौत

महाराष्ट्र में भी दिवाली धूमधाम से मनाई गई, लेकिन एक दुखद घटना से लोगों को झकझोर कर रख दिया। रत्नागिरि जिले में आज पांच साल की एक बच्ची गलती से एक पटाखे को चाकलेट समझ कर खा गई जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

उड़ीसा में भी दिवाली की धूम के बीच एक बुजुर्ग श्रृद्धालु की मौत

उड़ीसा में भी दिवाली का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वहां भी एक दुखद घटना घटी, जिसमें भुवनेश्वर से एक रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा के पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सामने दम घुटने से आज एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई। वह दीपावली के मौके पर अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ तीर्थ नगरी अपने पुरखों का श्राद्ध करने के लिए आए थे।

Latest India News