नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सेवा पर सफर करना इस शुक्रवार से और भी सस्ता होने वाला है क्योंकि DMRC ने इस मार्ग पर किराए को और कम करते हुए उसे 50 फीसदी तक घटाने का निर्णय किया है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने आज कहा, 'इस शुक्रवार से लागू होने वाले संशोधित किराया ढांचे के अनुसार इस मार्ग पर न्यूनतम किराया पहले के 20 रुपये की जगह अब 10 रुपये होगा।'
उसने कहा, 'अधिकतम किराया 60 रुपये होगा, जबकि पहले 100 रुपये था।' मेट्रो अधिकारियों ने कहा कि द्वारका उपनगर से यात्रियों को ब्लू लाईन के बजाय एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन लेने के वास्ते उत्साहित करने के लिए किराया घटाया जा रहा है।
ब्लूलाइन द्वारका सेक्टर 21 से नोएडा-वैशाली के बीच चलती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस कदम से ब्लू लाइन पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
Latest India News