नई दिल्ली: फरीदाबाद में दलित बच्चों को जिंदा जलाए जाने की घटना पर विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि इस हत्या से सरकार का कोई लेना-देना नहीं। हालांकि अपनी बात के समर्थन में उन्होंने बेहद ही संवेदनहीन और विवादस्पद तर्क दे डाला। उन्होंने कहा, 'हर चीज़ के लिए सरकार जिम्मेवार नहीं, कहीं उसने पत्थर मार दिया कुत्ते को, तो सरकार जिम्मेवार है, ऐसे नहीं है।'
वहीं, बीजेपी ने वीके सिंह के इस बयान से किनारा कर लिया है। बीजेपी नेता प्रभात झा ने इस बयान की निंदा की है। बीजेपी ने इस बयान को असंवेदनशील बताया और कहा कि ऐसे बयानों से पार्टी मुश्किलों में घिरती है।
वीके सिंह से जब यह पूछा गया कि क्या यह सरकार की नाकामी है?, उन्होंने कहा, सरकार को इसके साथ मत जोड़िए। यह दो परिवारों का आपसी झगड़ा था, मामले की जांच की जा रही है। यह प्रशासन की नाकामी है। कोई कुत्ते को भी पत्थर मार दे तो सरकार जिम्मेवार कैसे है। इस घटना की जांच चल रही है और परिवारों के बीच मतभेद पहले से था। किसी भी स्थानीय घटनाओं का सरकार से संबंध नहीं है।
इस मामले में आरोपियों की ओर से भी सफ़ाई आई है। आरोपियों की पत्नियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा है कि जिस समय ये घटना हुई सभी आरोपी अपने घरों में सो रहे थे और इस घटना के बारे में सभी को सुबह पता चला। उनका कहना है कि भला बच्चों को कोई क्यों मारेगा।
आरोपियों की पत्नियों ने कहा कि अगर जितेन्द्र के परिवार पर हमला करना ही होता तो तभी कर देते जब जितेन्द्र के परिवार ने तीन लोगों की हत्या की थी।आरोपियों की पत्नियों का कहना है कि जितेन्द्र का अपनी पत्नी से झगड़ा था, इसलिए उसने पत्नी और बच्चों को खुद जला दिया। अगर कोई बाहरी हमला करता तो सबसे पहले जितेन्द्र को मारता लेकिन वो तो पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें दबंग कहा जा रहा है जबकि उनके तीन लोग पहले मारे गए।
गौर हो कि फरीदाबाद के सुनपेड़ गांव में एक दलित परिवार को जलाने की घटना हुई, जिसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। हरियाणा सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं।
Latest India News