1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. #RAIN: गर्म रही दिल्ली, UP में फुहार तो हिमाचल में जल्द बारिश

#RAIN: गर्म रही दिल्ली, UP में फुहार तो हिमाचल में जल्द बारिश

देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच कुछ राज्यों में हुई छिटपुट बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत दी। जहां एक ओर यूपी में रुक-रुक कर हुई बारिश ने कुछ देर ही सही सूरज की तपन को कम करने की कोशिश की।

SUMMER- India TV Hindi
SUMMER

नई दिल्ली: देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच कुछ राज्यों में हुई छिटपुट बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत दी। जहां एक ओर यूपी में रुक-रुक कर हुई बारिश ने कुछ देर ही सही सूरज की तपन को कम करने की कोशिश की, वहीं हिमाचल में भी जल्द बारिश की संभावना जताई जा रही है। जानिए शुक्रवार को गर्मी से कहां-कहां मिली राहत और कहां गर्मी ने अब भी पीछा नहीं छोड़ा।    

गर्म रही दिल्ली की सुबह

शुक्रवार सुबह दिल्ली में मौसम गर्म रहा और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि इस मौसम के औसत से दो डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे हवा में नमी का स्तर 38 प्रतिशत रहा। उन्होंने कहा, शुक्रवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल रहने का अनुमान है और शाम या रात्रि में धूल के साथ आंधी चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गुरुवार का दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

छिटपुट बारिश ने दी गर्मी से राहत

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी भागों में कहीं कहीं हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग ने बताया कि गोरखपुर और हाता में एक एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। फैजाबाद, बरेली, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ और आगरा मंडलों में हालांकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अन्य मंडलों में तापमान लगभग अपरिवर्तित रहा। सबसे अधिक 44. 4 डिग्री सेल्सियस तापमान बांदा में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे के बारे में मौसम विभाग ने मौसम आम तौर पर सूखा रहने का अनुमान लगाया है।

हिमाचल में पारा चढ़ा, बारिश की संभावना

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को अधिक तापमान दर्ज किया गया, लेकिन मौसम विभाग ने जल्द ही बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "क्षेत्र में ताजे पश्चिमी विक्षोभ के 16 मई से सक्रिय होने की संभावना है।"

इस बीच, पहाड़ी राज्य में तीन से चार डिग्री अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक बढ़ा। ऊना शहर राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कल्पा में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि धर्मशाला में यह 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य की राजधानी शिमला में अधिकतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यहां न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री था। चंबा, डलहौजी और केलांग कस्बों में गुरुवार के बाद से क्रमश: 47 मिमी, 29 मिमी और आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नरकंडा, कुफरी, कसौली, मनाली, पालमपुर, चम्बा और डलहौजी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल में गर्म मौसम का अनुभव किया गया।

Latest India News