शिलांग: मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों और बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई। फिलहाल भूकंप में किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिल पाई है। यहां स्थित क्षेत्रीय भूकंप केंद्र के एक अधिकारी ने कहा कि भूकंप अपराह्न् 3 बजकर 13 मिनट पर महसूस किया गया, जिसका केंद्र मेघालय का पूर्वी खासी हिल्स जिले में स्थित था।
उल्लेखनीय है कि भूकंप विज्ञानी पूर्वोत्तर के सात राज्यों -असम, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर- को दुनिया का छठा प्रमुख भूकंप संभावित क्षेत्र मानते हैं।
गौरतलब है कि 1897 में इस क्षेत्र में 8.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 1600 से अधिक लोग मारे गए थे और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था।
Latest India News