उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शनिवार सुबह एक ट्रक और डंपर के बीच हुई टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। घायलों में से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है।
घटिया थाना क्षेत्र के प्रभारी जे. आर. चौहान ने बताया कि अलीराजपुर से कुछ लोग ट्रक में सवार होकर नलखेड़ा जा रहे थे। तभी पिपलई गांव के करीब पुलिया पर सामने आ रहे डंपर से उसकी भयंकर भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ट्रक में सवार 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हो गए।
थाना प्रभारी चौहान के मुताबिक, इस हादसे में घायल हुए 20 लोगों में से 5 की हालत गंभीर है। इन घायलों क इलाज के लिए इंदौर भेजा गया है। वहीं 8 घायलों का इलाज उज्जैन के ही अस्पताल में चल रहा है। इस घटना में घायल हुए बाकी व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, नलखेड़ा में एक गौशाला है जहां से पशुपालन के इच्छुक लोगों को मुप्त में गाय दी जाती है। अलीराजपुर के निवासी यही गाय लेने नलखेड़ा जा रहे थे।
Latest India News