नई दिल्ली: जेएनयू छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का शुक्रवार को नौवां दिन है वहीं एम्स में भर्ती कराए गए छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की हालत में सुधार हुआ है। कैंपस में नौ फरवरी को हुए विवादास्पद कार्यक्रम के मामले में विश्वविद्यालय की तरफ से सुनाए गए दंड के खिलाफ पांच छात्रों ने गुरुवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी जबकि 15 अन्य अपना उपवास जारी रखे हुए हैं।
देशद्रोह के मामले में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हुए कन्हैया को अद्र्धचेतन अवस्था में कल एम्स में भर्ती कराया गया। उनका हल्के डिहाइड्रेशन और केटोसिस का उपचार चल रहा है। जेएनयू छात्र संघ ने एक बयान में कहा, डॉक्टरों ने कन्हैया पर नजर रखने की सलाह दी है। उनका स्वास्थ्य ठीक हुआ है। इसमें कहा गया है, कन्हैया ने छात्रों से कैंपस में उनकी गैरमौजूदगी में आंदोलन जारी रखने की अपील की है।
भूख हड़ताल के नौवें दिन छात्रों ने जेएनयू प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है जिसने हड़ताल को गैरकानूनी गतिविधि कहा है। स्वास्थ्य केंद्र से मिली जांच रिपोर्ट के मुताबिक उपवास कर रहे छात्रों में कीटोन स्तर उच्च है और उनका रक्तचाप निम्न है। पिछले सप्ताह 25 छात्र भूख हड़ताल पर चले गए थे।
बुधवार को एबीवीपी के पांच सदस्यों ने यह दावा करते हुए अपनी हड़ताल खत्म कर दी कि जेएनयू प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। खराब स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए वाम संबद्ध समूहों के पांच सदस्यों ने गुरुवार को अपना उपवास खत्म दिया।
Latest India News