नई दिल्ली: एस्सार ग्रुप पर दिग्गज अद्योगपति मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी सहित कई VVIPs के फोन टैप करने के आरोप लगाए गए हैं और इसकी शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी की गई है। शिकायत में कहा गया है कि ये फोन 2001 से 2006 के दौरान किए गए थे।
अंग्रेज़ी अख़बार ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के वकील सुरेश उप्पल ने एक जून को इस बारे में 29 पेज की एक शिकायत मोदी को भेजी है। सुरेश एस्सार कंपनी के उस कर्मचारी के वकील हैं जिस पर कथित तौर पर फोन टैप करने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि रेल मंत्री सुरेश प्रभू, पूर्व मंत्री प्रफुल्ल पटेल और राम नाइक, रिलायंस ग्रुप के मुकेश और अनिल अंबानी, अनिल की पत्नी टीना अंबानी और कई बड़े नौकरशाहों के फोन टैप किए गए थे।
शिकायत में इन लोगों के नामों का है ज़िक्र
शिकायत में बीजेपी के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन, समाजवादी पार्टी के अमर सिंह, निवर्तमान गृह सचिव राजीव महर्षि, IDBI बैंक के पूर्व चेयरमैन पीपी. वोहरा, IDBI बैंक के पूर्व सीईओ केवी. कामथ आदि के नामों का ज़िक्र है।
जिन लोगों के फोन टैप किए गए, उनमें मुकेश और अनिल अंबानी के अलावा सुरेश प्रभू, वाजपेयी के समय के पीएमओ के स्टाफ, प्रमोद महाजन और कई नौकरशाह शामिल हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ फोन टेलिकॉम लाइसेंसिंग के सिलसिले में टेप किए गए थे।
सुप्रीम कोर्ट कर रहा है जनहित याचिका पर सुनवाई
केन्द्र की तरफ से एक जनहित याचिका दायर की गई है जिस पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई कर रहा है। याचिका में इसमें एस्सार ग्रुप पर अपने फायदे के लिए कुछ नेताओं, नौकरशाहों और पत्रकारों के फोन टैप करने का आरोप है।
एस्सार ग्रुप ने आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है। 2-जी मामले को लेकर एस्सार ग्रुप पहले ही विवादों में है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, Essar ने कहा कि सभी तथ्यों और आरोपों की जांच की जानी चाहिए।
Latest India News