दिल्ली में गर्मी का सितम तो राजस्थान में बूंदा-बांदी के बाद भी मौसम गरम
देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच देश के कुछ हिस्सों में हो रही बारिश और बूंदा-बांदी भी राहत की खबर देती हुई नहीं दिख रही है। राजस्थान में बूंदा-बांदी के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।

नई दिल्ली: देशभर में जारी भीषण गर्मी के बीच देश के कुछ हिस्सों में हो रही बारिश और बूंदा-बांदी भी राहत की खबर देती हुई नहीं दिख रही है। राजस्थान में बूंदा-बांदी के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। वहीं हजारीबाग में मंगलवार को बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। जानिए मंगलवार को दिनभर कैसा रहा गर्मी का हाल।
हजारीबाग में बिजली गिरने से 3 की मौत, अन्य जगह गरज के साथ पड़े छींटे
झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार शाम बादलों की गरज के बीच बिजली गिरने से कटकमडाग छाड़ू और ओरेया गांव में एक लड़के समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि राजधानी रांची, चतरा, खूंटी, लोहरदगा को छोड़कर अधिकतर अन्य इलाकों में भीषण गर्मी जारी रही। हजारीबाग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश झा ने बताया कि मंगलवार शाम गरजते बादलों और बारिश के साथ जिले के कटकमडाग छाड़ू और ओरेया गांवों में वज्रपात (बिजली गिरना) में एक तेरह वर्षीय बालक और एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हजारीबाग में तीस मिमी वर्षा हुई। राज्य के पलामू और चाईबासा में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया और वहां क्रमश: 41.6 और 41.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा रांची, खूंटी, लोहरदगा और चतरा में भी गरज के साथ छींटे अनेक स्थानों पर पड़े जिससे लोगों ने गर्मी से थोड़ी राहत महसूस की। इन जिलों में सोमवार का अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
दिल्ली में सुबह के दौरान गर्मी का असर
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह के दौरान गर्मी का असर रहा और न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक मौसम अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे 49 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई। अधिकारी ने कहा, दिन की शेष समयावधि के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शाम-रात में धूल भरी आंधी या गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने का अनुमान है। सोमवार का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यनूतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बारिश और छींटे पड़ने का सिलसिला जारी
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का क्रम जारी है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिली है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़े। इस दौरान आगरा, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इन मण्डलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। इसके अलावा कानपुर, मुरादाबाद तथा बरेली मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे रिकार्ड किया गया। इस अवधि में इलाहाबाद राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान भी राज्य में कुछ स्थानों पर बारिश अथवा छींटे पड़ सकते हैं।
राजस्थान में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी का प्रकोप जारी
राजस्थान के कोटा, उदयपुर, चित्तौडगढ़, जयपुर और सीकर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के बावजूद गर्मी का प्रकोप जारी है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार अरबसागर और बंगाल की खाड़ी से उठी नमी और पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के उपर एक परिसंचार बना है, जिसकी वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि बीकानेर में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सैल्सियस, चूरू में 44.8 डिग्री सैल्सियस, जैसलमेर में 43.9 डिग्री सैल्सियस, बाडमेर में 43 डिग्री सैल्सियस, अजमेर में 42.8 डिग्री सैल्सियस, जोधपुर में 42.8 डिग्री सैल्सियस, कोटा में 42.6 डिग्री सैल्सियस, राजधानी जयपुर मे 41.8 डिग्री सैल्सियस, और उदयपुर में 40.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई है।