1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भाजपा से निष्कासित विधायक दयाशंकर मऊ जिला जेल से रिहा

भाजपा से निष्कासित विधायक दयाशंकर मऊ जिला जेल से रिहा

बसपा सुप्रीमों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले भाजपा से निष्कासित विधायक दयाशंकर सिंह को आज मऊ जेल से रिहा कर दिया गया है।

Dayashankar Singh- India TV Hindi
Image Source : PTI Dayashankar Singh

नई दिल्ली: बसपा सुप्रीमों मायावती के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले भाजपा से निष्कासित विधायक दयाशंकर सिंह को आज मऊ जेल से रिहा कर दिया गया है। आपको बता दें सिंह को शनिवार को जमानत मिली थी। वहीं बसपा ने इस आदेश को उच्च न्यायालय में चुनौती देने का फैसला किया था। शासकीय अधिवक्ता छेदी लाल गुप्ता ने बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ अजय कुमार ने सिंह को 50-50 हजार रुपये के दो निजी मुचलकों पर जमानत दी है।

गौरतलब है कि भाजपा के तत्कालीन प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने गत 19 जुलाई को मऊ में संवाददाताओं से बातचीत में बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था। इस मामले में उनके खिलाफ 20 जुलाई को लखन के हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लखनऊ पुलिस और एसटीएफ ने 25 जुलाई को सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उन्हें 29 जुलाई को बिहार के बक्सर जिले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद लखनऊ पुलिस ने मुकदमे को मऊ स्थानान्तरित कर दिया था। सिंह को पिछले सप्ताह अदालत में पेश किया गया था। उस वक्त उनकी जमानत याचिका नामंजूर कर दी गयी थी।

Latest India News