1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हैदराबाद में दलित छात्र ने की खुदकुशी, छात्र संगठनों ने किया बंद का ऐलान

हैदराबाद में दलित छात्र ने की खुदकुशी, छात्र संगठनों ने किया बंद का ऐलान

केन्द्रीय विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित छात्रावास कक्ष में सोमवार को पीएचडी का एक दलित छात्र फांसी से लटका हुआ मिला।

student- India TV Hindi
student

हैदराबाद: केन्द्रीय विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित छात्रावास कक्ष में सोमवार को पीएचडी का एक दलित छात्र फांसी से लटका हुआ मिला। साइबराबाद पुलिस आयुक्त सीवी आनंद ने बताया कि वी रोहित (करीब 26 साल) छात्रावास के कमरे में फांसी से लटके मिले। पिछले साल अगस्त में हैदराबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय (एचसीयू) की ओर से निलंबित किए गए पांच शोधकर्ताओं में से वह एक थे और एक छात्र नेता पर हमला करने के मामले में भी एक आरोपी थे। बाद में यह निलंबन वापस ले लिया गया था। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पूर्व में एबीवीपी के एक नेता पर कथित तौर हमला करने के मामले में पांच शोध छात्रों को अध्ययन के उनके शेष समयावधि के लिए छात्रावास से निलंबित कर दिया गया था। इस बीच, भारी संख्या में छात्रों के जमा होने और रोहित के शव के साथ प्रदर्शन करने एवं नारेबाजी के बाद परिसर में हल्का सा तनाव पैदा हो गया। वे पुलिस से केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता बंगारू दत्तात्रेय के खिलाफ एससी/एसटी अत्याचार निरोधक कानून के तहत एक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे और उन पर इन शोध छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय को पत्र लिखने का आरोप लगाया।

पिछले सप्ताह छात्रों के एक समूह ने छात्रों के निलंबन के खिलाफ एचसीयू के प्रशासनिक भवन का घेराव किया था। बताया जा रहा है कि रोहित अंबेडकर स्टूडेंट यूनियन से जुड़ा था उसे 12 दिन पहले हॉस्टल से सस्पेंड कर दिया गया था। इन छात्रों के समर्थन में 10 संगठनों ने रविवार को रिले भूख हड़ताल की थी और इनका सस्पेंशन वापस लेने की मांग की थी। इन छात्र संगठनों का कहना है ये छात्र सामाजिक बहिष्कार के शिकार हैं। तेलंगाना के सभी छात्र संगठनों ने रोहित की आत्महत्या के बाद आज बंद बुलाया है।

विरोध प्रदर्शन के बीच पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव

साथी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच आज सुबह रोहित के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। साइबराबाद पुलिस आयुक्त सीवी आनंद के मुताबिक, परिसर में अभी स्थिति ठीक है। बीती रात को छात्रों ने एकजुट होकर रोहित के शव के साथ प्रदर्शन किया और नारे लगाए, जिसके कारण परिसर में हल्का तनाव पैदा बना रहा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिसर में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है बहरहाल, यहां कुछ तनावपूर्ण स्थिति देखी गई है। आनंद ने बताया कि रोहित उन पांच शोधार्थी छात्रों में शामिल थे जिन्हें पिछले साल अगस्त में एचसीयू से निलंबित किया गया था और वह एक छात्र नेता पर हमला मामले में भी आरोपी थे। बाद में निलंबन रद्द कर दिया गया था और मामले में आगे की जांच जारी है। एबीवीपी के एक छात्र नेता पर कथित हमला के लिए पांच शोधार्थी छात्रों को उनकी शेष पढ़ाई की अवधि के लिए छात्रावास से निलंबित कर दिया गया। बहरहाल, कई छात्र संघों ने आज शिक्षण संस्थानों में बंद का आह्वान किया है।

Latest India News