लखनऊ: प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने विभिन्न एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में अतिरिक्त कोच लगाए जाने का निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सी.पी. चौहान ने आईपीएन को बताया कि अब अतिरिक्त कोचों की फीडिंग की व्यवस्था तत्काल कर दी गई है, जिससे यात्रियों को इसका तत्काल लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त कोचों के सिस्टम पर आते ही गाड़ी के प्रस्थान समय से काफी पहले ही प्रतीक्षा सूची कम होगी या आरक्षण कन्फर्म हो जाएगा। इस व्यवस्था से यात्रियों को सहूलियत के साथ-साथ दलालों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।
चौहान ने बताया कि 15008 लखनऊ जंक्शन वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस में 25 मई तक लखनऊ जंक्शन से और 15007 वाराणसी सिटी-लखनऊ जंक्शन कृषक एक्सप्रेस में 26 मई तक वाराणसी सिटी से शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। इसी तरह 12589 गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में 25 मई को गोरखपुर से और 12590 सिकंदराबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में 27 मई को सिकंदराबाद से शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
चौहान ने बताया कि 15018 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस में 25 मई को गोरखपुर से और 15017 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस में 26 एवं 27 मई को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
इसी तरह 15048 गोरखपुर-कोलकाता पूर्वाचल एक्सप्रेस में 24 मई को गोरखपुर से और 15049 कोलकाता-गोरखपुर पूर्वाचल एक्सप्रेस में 25 मई को कोलकाता से शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि 15160 बिलासपुर-छपरा एक्सप्रेस में 25 मई तक बिलासपुर से शयनयान श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
Latest India News