नई दिल्ली: नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ फारूक अब्दुल्ला ने रसोई गैस सब्सिडी के लिए आवेदन किया है। उनका यह आवेदन फॉर्म बीते दिन से चर्चा का विषय है। जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के सक्षम लोगों से अपनी गैस सब्सिडी छोड़ने के लिए अपील कर रहे हैं वहां फारूक अब्दुल्ला का गैस सब्सिडी के लिए आवेदन करना काफी चौंकाता है। गौरतलब है कि मोदी ने गैस सब्सिडी को लेकर देशभर में एक मुहिम छेड़ रखी है जिसके तहत काफी सारे सक्षम लोग अपनी गैस सब्सिडी छोड़ने का फैसला कर चुके हैं।
बिना आधार कार्ड के एलपीजी सब्सिडी के लिए आवेदन-
फारूक अब्दुल्ला ने श्रीनगर के दुर्गा नगर स्थित सुपर गैस सर्विस स्टेशन में 14 अगस्त को अपना एलपीजी सब्सिडी गैस कनेक्शन का आवेदन जमा करवाया है। उन्होंने आवेदन फॉर्म में उपभोक्ता नंबर : 637914 के तहत अपने फोन नंबर और बैंक खाते का भी उल्लेख किया है ताकि सरकार की ओर से भेजे जाने वाली गैस सब्सिडी उन्हें मिल सके।
संसदीय चुनाव में घोषित की थी करोड़ों की संपत्ति-
आपको बता दें कि बीते साल हुए संसदीय चुनाव में उन्होंने अपनी वार्षिय आय 10 लाख से अधिक बताते हुए 13 करोड़ की चल-अचल संपत्ति की घोषणा की थी।
पीएम के आह्वान पर फारूक ने क्या कहा था-
जब पीएम मोदी ने अपील की थी कि जो लोग सक्षम हैं वो अपनी गैस सब्सिडी छोड़ दें इस पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि गैस सब्सिडी छोड़ना या न छोड़ना सांसदों, विधायकों और उपभोक्ताओं के ऊपर ही निर्भर करता है।
Latest India News