नई दिल्ली: बिहार परीक्षा में गड़बड़ी के बाद सभी 3 टॉपर्स के खिलाफ शिक्षा विभाग ने FIR दर्ज कराई है। साइंस के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ, थर्ड टॉपर राहुल कुमार और आर्ट्स की टॉपर रूबी राय पर IPC की धारा 420 समेत छह धाराएं लगाई गई हैं। IPC की धाराएं 420, 465, 467, 468, 471, और 120-B के तहत मामला दर्ज हुआ है। मामले में वी.आर. कॉलेज के निदेशक को भी आरोपी बनाया गया है। अनुसन्धान में बोर्ड के कर्मचारी, आरोपी कॉलेज को मान्यता देने वाले पदाधिकारी, परीक्षा केंद्रों पर तैनात अधिकारी और कॉपी जांचने वाले केंद्रों के अधिकारियों से भी पूछताछ होगी।
साथ ही शिक्षा विभाग ने बिहार स्कूल ऐग्ज़ामिनेशन बोर्ड के अध्यक्ष लालकेश्वर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे में जवाब मांगा है।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटर साइंस टॉपर सौरभ का रिजल्ट रद्द कर दिया है। इंटर साइंस के तीसरे टॉपर राहुल का रिजल्ट भी रद्द कर दिया है।
CM नितीश कुमार ने लगाई फटकार:
बिहार इंटर साइंस और आर्ट्स टॉपर्स मामले में CM नितीश कुमार ने की शिक्षा मंत्री और बिहार बोर्ड के साथ आपात बैठक बुलाई थी। बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी और प्रधान सचिव को भी बुलाया गया था। इस पूरे मामले पर काफी नाराजगी जताई थी। मुख्यमंत्री ने सरकार की तरफ से एक जाँच कमिटी के गठन के बाद बोर्ड की तरफ से भी सरकार से अनुमति के बिना अलग से एक जाँच कमिटी बना दिए जाने को लेकर भी बोर्ड अध्यक्ष को फटकार लगाई थी। कल ही मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दोनों जाँच कमिटियों को भंग कर दिया गया था।
क्या है मामला:
जब एक एक्सपर्ट ने साइंस टॉपर सौरभ श्रेष्ठ से सवाल किया कि कैलकुलस के इंटीग्रेशन बाई पार्ट्स का फार्मूला बताइए तो जवाब देने की जगह सौरभ ने कहा, ऐसे सवाल न करिए, वरना मैं यहीं आत्महत्या कर लूंगा।
रूबी ने साक्षात्कार के दौरान पॉलिटिकल साइंस को 'प्रोडिकल साइंस' बताते हुए कहा था कि राजनीति विज्ञान में खाना बनाने की पढ़ाई होती है। इसी प्रकार विज्ञान संकाय में टॉपर रहे सौरव को 'प्रोटोन' और 'इलेक्ट्रॉन' की सामान्य जानकारी नहीं थी।
मीडिया में एक इन्टरव्यू सामने आने के बाद इनके पास होने पर सवाल उठे थे। जिसके बाद शिक्षा विभाग ने इनका इन्टरव्यू लिया गया था जिसमें सौरभ श्रेष्ठ और राहुल कुमार फेल हो गये थे। जबकि रूबी राय ने टेस्ट में शामिल होने के लिए वक्त मांगा था।
Latest India News