नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में द्वारका के सेक्टर-3 की झुग्गी बस्ती में भयंकर आग लगने से 100 से अधिक मकान जल कर खाक हो गए। पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह दस बजे के करीब लगी आग की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कम से कम 20 दमकल गाडि़यों को आग पर काबू पाने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि आग पर करीब डेढ़ घंटे में काबू पाया गया। मटियाला इलाके में झुग्गी बस्ती के बाहर पड़े कचरे के विशाल ढेर से आग लगनी शुरू हुयी और इसके तुरंत बाद, आवासीय इलाके में फैल गयी। आग के फैलने पर निवासियों को उनके घरों से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। बाद में जिला के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर गये और शहर की एनजीओ की मदद से प्रभावित लोगों के लिए खाना, आश्रय गृह और कपड़ों को प्रबंध किया।
Latest India News