बालाघाट: गुवाहाटी: असम के कोकराझार में एक व्यस्त बाजार में शुक्रवार को सेना की वर्दी पहने आतंकवादियों की अंधाधुंध गोलीबारी में 14 लोगों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि एक हमलवार को मार गिराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले एक ग्रेनेड फेंका और फिर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। घटनास्थल गुवाहाटी से लगभग 220 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। (देश और दुनिया की अन्य खबरों के लिए क्लिक करें।)
असम पुलिस के प्रमुख मुकेश सहाय ने आईएएनएस से कहा कि एक हमलावर को सुरक्षाबलों ने मार गिराया। उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देकर चार आतंकवादी भाग निकले। घटनास्थल से एक ए.के.56 राइफल तथा हथगोले बरामद हुए हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि हमले के पीछे नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (सॉन्गबिजीत) हो सकता है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में कहा कि उन्होंने टेलीफोन पर मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बातचीत की। केंद्र सरकार हालात पर करीब से नजर बनाए हुए है।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि लोगों की हत्याओं की बात सुनकर सरकार बेहद दुखी है। उन्होंने कहा, "हम इसका पता लगा रहे हैं कि हमले के पीछे आखिर कौन है।"
'हमलावारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी'
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 14 लोगों की जान लेने वाले आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की प्रतिबद्धता जताई। सोनोवाल ने कहा, "मैं पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।"
Latest India News