इलाहाबाद: इलाहाबाद के नैनी सेंट्रल जेल के बाहर रविवार को अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार शाम को करीब चार बजे की है जिसमें ज्ञान चन्द्र उर्फ वकील यादव और लालता की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग, सुरेश और जय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गये।
झूंसी के बच्चा यादव की हत्या के आरोप में शेरडीह गांव के पूर्व प्रधान चंद्रभान और बेटों को सजा हुई है। बेटा राज कुमार बस्ती जेल में बंद है। दूसरा राजेश यादव पुलिस कस्टडी से फरार है। तीसरा ज्ञान चन्द्र नाबालिग होने के आधार पर रिहा हो गया था। चौथा बेटा संतोष आरोपी नहीं बना था। रविवार को ज्ञान चन्द्र और संतोष पिता से मिलने जेल गए थे। उनके साथ करीब एक दर्जन लोग भी थे।
पिता से जेल में मुलाकात के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जेल परिसर से निकले थे कि गेट पर घात लगाए हुए शूटरों ने हमला कर दिया। चार बाइक और कार से पहुंचे हमलावरों ने चारों तरफ से फिल्मी स्टाइल में बम और गोलियों की बौछार कर दी।
हमला होते देख ड्राइवर ने गाड़ी भगाने की कोशिश की लेकिन एक नाले के पास गाड़ी फंस गई। इसके बाद शूटरों ने रायफल, पिस्टल, तमंचा और बम से हमला कर दिया। गाड़ी में बैठे लोग उतर कर भागने लगे। लेकिन हमलावरों ने पीछे से भी गोली मार दी। सनसनीखेज वारदात से हर तरफ सनसनी फैल गई। शूटर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। गोलियों की आवाज सुनने के बाद सुरक्षा कर्मी जेल के बाहर आये लेकिन हमलवावर भागने में कामयाब हो गये।
Latest India News