जम्मू: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वार्षिक अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो गई। जम्मू से 1280 तीर्थयात्रियों का पहला जत्था दक्षिणी कश्मीर में हिमालय में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हो गया।
यात्रा अधिकारी और जम्मू के अतिरिक्त उपायुक्त डॉ पीयूष ने बताया, अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो गई। जम्मू में 1280 तीर्थयात्रियों का जत्था भगवती नगर आधार शिविर से आज सुबह रवाना हो गया। यह दल कश्मीर घाटी में 3888 मीटर की उंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा तक जाएगा।
इस दल में 919 पुरूष, 191 महिलाएं और 19 बच्चे तथा 154 साधु हैं। ये सभी 34 वाहनों के काफिले में सवार होकर सुबह पांच बजकर दस मिनट पर आधार शिविर से निकले जिसकी सुरक्षा सीआरपीएफ के जवान कर रहे हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि काफिला पहले ही उधमपुर जिले में कुड को पार कर चुका है। यात्रा को जम्मू कश्मीर के मंत्रियों लाल सिंह , सुखनंदन चौधरी और प्रिया सेठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू हो चुकी है और तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। ये तीर्थयात्री भगवान शिव की पवित्र गुफा के दर्शन करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आए हैं।
पहला दल आज शाम तक बालताल और पहलगाम आधार शिविरों पर पहुंच जाएगा। लिद्दर घाटी के अंतिम छोर पर अमरनाथ गुफा 3888 मीटर की उंचाई पर स्थित है। यह पहलगाम से 46 किलोमीटर और बालताल से 14 किलोमीटर की दूरी पर है।
Latest India News