लखनऊः उत्तरप्रदेश सरकार ने उन्नाव जिले में पांच लोगों की कथित रूप से जहरीली शराब पीने से मौत होने के बाद आज जिला आबकारी अधिकारी समेत दस आबकारी तथा पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि उन्नाव जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले 24 घंटों में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हुई है।
प्रवक्ता ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान लालचन्द्र सोनकर :50: तथा उसके भाई छतर सोनकर :40: और लगभग 25 साल उम्र के तीन युवकों मंगली, राजेश और राकेश की मौत होने के बाद मामले की जांच की गयी।
उन्होंने बताया कि जांच में उनके शराब पीने की बात प्रकाश में आयी है और प्रथम दृष्टया वही उनके मौत का कारण लगता है।
इस बीच सरकारी प्रवक्ता ने बताया है कि उन्नाव में कथित रूप से जहरीली शराब पीने से हुई पांच मौतों के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर वहां के जिला आबकारी अधिकारी, प्रधान आबकारी सिपाही और चार आबकारी सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है।
गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया है कि अवैध शराब की बिक्री की शिकायत पर जिला पुलिस अधीक्षक एम. पी. सिंह ने कोतवाली प्रभारी सहित चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है।
Latest India News