नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने जीबी रोड पर देह व्यापार का नेटवर्क चलानेवाले एक दंपत्ति और उसके 6 सहयोगियो को गिरफ्तार कर एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। जीबी रोड में 40 कमरों में चलनेवाले इस सेक्स रैकेट का कारोबार करीब 100 करोड़ रुपए का है। पूरे रैकेट के सरगना अफाक हुसैन और उसकी बीबी सायरा बानो समेत इनके सहयोगियों पर पुलिस ने मकोका के तहत केस दर्ज किया है।
आरोपी दंपत्ति कई लग्जरी गाड़ियों और कोठियों के मालिक हैं। इनके सेक्स रैकेट का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। इस नेटवर्क से जुड़े दलाल ज्यादातर गरीब परिवार की लड़कियों को रोजगार के बहाने दिल्ली लाते थे और उन्हें जिस्मफरोशी के धंधे में शामिल कर लिया जाता था। पति-पत्नी मिलकर पिछले 20 साल से इस धंधे को चला रहे थे। सूत्रों के मुताबिक अबतक करीब 5 हजार लड़कियों को ये लोग जिस्मफरोशी के दलदल में धकेल चुके हैं।
अफाक और सायरा के दिल्ली के शाहीन बाग और जैतपुर में आलीशान कोठियां हैं। इसके साथ ही बेंगलुरू में भी फॉर्महाउस का पता चला है। बैंकों में भी करोड़ों की रकम जमा होने का पता चला है। इनके बच्चे दिल्ली से बाहर बोर्डिंग स्कूल में पढ़ते हैं। इनके पास फॉर्च्यूनर और होंडा सिटी जैसी कई लग्जरी गाड़ियां हैं।
देखें वीडियो
Latest India News