1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. असम में बाढ़ के कारण गंभीर हालात, जलमग्न हुआ पोबितोरा अभयारण्य

असम में बाढ़ के कारण गंभीर हालात, जलमग्न हुआ पोबितोरा अभयारण्य

मोरीगांव (असम): असम में बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। ब्रह्मपुत्र नदी का पानी गुवाहाटी के पास मोरीगांव जिले में स्थित पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य के करीब 60 फीसदी हिस्से में भर गया है।

assam- India TV Hindi
assam

मोरीगांव (असम): असम में बाढ़ के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। ब्रह्मपुत्र नदी का पानी गुवाहाटी के पास मोरीगांव जिले में स्थित पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य के करीब 60 फीसदी हिस्से में भर गया है। यह अभयारण्य एक सींग वाले दि ग्रेट इंडियन गैंडों के सबसे घने आवास के तौर पर दुनिया भर में मशहूर है।

वन विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि बाढ़ से अभयारण्य की करीब 50 फीसदी आधारभूत संरचना को नुकसान पहुंचा है।  अधिकारियों ने बताया कि पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य को जोड़ने वाली सड़के डूब चुकी हैं और कुछ जगहों पर बह गई हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान अभयारण्य में शिकारियों पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इस बीच, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने राज्य में बाढ़ के हालात की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों से युद्ध स्तर पर राहत अभियान चलाने को कहा। गुवाहाटी में एक उच्च-स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे प्रभावित लोगों तक पहुंच कायम करें और उन्हें राहत मुहैया कराएं।

बहरहाल, धन की अनुपलब्धता के कारण वन्यजीव की रक्षा के लिए इस्तेमाल में लाई जाने वाली मशीनीकृत गश्ती नौकाओं और देसी नौकाओं की मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। उन्होंने बताया कि मशीनीकृत नौकाओं की अनुपलब्धता के कारण पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों के भीतर अपने कर्तव्य का पालन कर पाने में सुरक्षाकर्मियों को दिक्कतें आ रही हैं।

पिछले तीन महीने से धन की दिक्कत के कारण पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य के पांच शिकार-निरोधक शिविरों- कुचियानी, कोलाभुयां, कुक्करी, टुपलुंग और नेकेरा में मरम्मत का काम नहीं हो सका है। आंधी और बाढ़ के कारण ये शिविर तबाह हो चुके हैं। इस बीच, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, लखीमपुर, गोलाघाट, मोरीगांव, बरपेटा और जोरहाट जिलों में बाढ़ के कारण 1.35 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

कल जोरहाट जिले में एक व्यक्ति और उसका बेटा बाढ़ के पानी में बह गए। अधिकारियों ने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी जोरहाट के नेमतीघाट और धुबरी नगर में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

Latest India News