नई दिल्ली: पत्नी पर घरेलू हिंसा करने के मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सोमनाथ भारती ने जांच में शामिल होने के लिए बुधवार को दिल्ली पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। भारती मलवीय नगर से आप के विधायक हैं। उन्होंने मंगलवार को अग्रिम जमानत के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और 17 सितम्बर तक अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने के बाद उन्होंने अब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
माना जा रहा है कि मंगलवार देर रात पार्टी सदस्यों से इस मुद्दे पर गहन विचार-विमर्श के बाद भारती पुलिस जांच में शामिल होने के लिए तैयार हुए। आप विधायक भारती अगर पुलिस हिरासत में लिए जाते हैं, तो वह गिरफ्तार होने वाले आप के चौथे विधायक होंगे। दिल्ली पुलिस पिछले चार महीने में अलग-अलग मामलों में आप विधायक जितेंद्र सिंह तोमर, मनोज कुमार और सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। आपको बता दे इससे पहले 'आप' विधायक सोमनाथ भारती ने पत्नी द्वारा घरेलू हिंसा और हत्या की कोशिश के मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा दिखाई जा रही तेजी पर निशाना साधते हुए कहा था कि पिछले पांच दिनों में उन्होंने दिल्ली पुलिस की ‘सुपरसोनिक रफ्तार’ देखी है और काश वह ऐसी तेजी दिल्ली को अपराध मुक्त बनाने में करती।
भारती ने इस बात से भी इनकार किया कि वह दुनिया से छिप रहे हैं और कहा कि वह केवल (पीएम नरेंद्र मोदी) की पुलिस से बच रहे हैं, क्योंकि उनका इरादा न केवल उन्हें गिरफ्तार करना बल्कि उन्हें ‘प्रताड़ित करना’ भी है। उन्होंने कहा कि वह मामला बनाने के लिए पुलिस को सारे सबूत देंगे। मामले को लेकर आज दिल्ली हाईकोर्ट ने शहर की पुलिस को आप नेता के खिलाफ गुरुवार तक कोई भी बलपूर्वक कार्रवाई ना करने को कहा।
Latest India News