1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुवाहाटी के होटल से एक ही परिवार के 4 सदस्यों के शव बरामद

गुवाहाटी के होटल से एक ही परिवार के 4 सदस्यों के शव बरामद

पुलिस ने बुधवार को असम के प्रमुख शहर गुवाहाटी के एक होटल से 4 साल की एक मासूम सहित 4 लोगों के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान प्रशांत कलिता, उनकी पत्नी पोंपी कलिता, उनकी चचेरी बहन अनामिका कलिता, और उनकी 4 साल की बेटी के रूप में हुई है।

Representative Image. (Photo: PTI)- India TV Hindi
Representative Image. (Photo: PTI)

गुवाहाटी: पुलिस ने बुधवार को असम के प्रमुख शहर गुवाहाटी के एक होटल से 4 साल की एक मासूम सहित 4 लोगों के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान प्रशांत कलिता (36), उनकी पत्नी पोंपी कलिता (26), उनकी चचेरी बहन अनामिका कलिता (21), और उनकी 4 साल की बेटी के रूप में हुई है। गुवाहाटी के होटल सन सिटी के कमरा संख्या 102 से सभी शव बरामद किए गए।

होटल के मैनेजर ने कहा, ‘पूरा परिवार मंगलवार शाम एक होटल में आया और कमरा बुक किया और सुबह देर तक कोई बाहर नहीं आया। कुछ गलत होने की शंका होने पर हमने खिड़की से अंदर झांका, जहां चारों बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए।’ उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव बरामद किए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह आत्महत्या का मामला है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए हमने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।’ पुलिस के मुताबिक, मृतक दरांग जिले के सिपझार इलाके से थे। कलिता के परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से काफी डिप्रेसन में थे, क्योंकि उन्होंने एक साल से अधिक समय से विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियां दिलाने के लिए लोगों से पैसे लिए हुए थे। 

उन्होंने बताया कि वह लोगों को नौकरी दिलाने में सफल नहीं रहे, जिसकी वजह से उनपर लोगों के पैसे लौटाने के लिए दबाव बढ़ता जा रहा था।

Latest India News