नई दिल्ली: क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली सरकार पर हमला बोला है। गंभीर ने चिकुनगुनिया से हो रही मौतों पर अफसोस जताते हुए कहा है कि ऐसी स्थिति में जबकि दिल्ली में लोगों की बीमारी से मौत हो रही है, नेता यहां की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए स्टडी टूर पर हैं। उन्होंने कहा है कि स्कूल तो इंतजार कर सकते हैं लेकिन मौत नहीं। माना जा रहा है कि गंभीर ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिषोदिया पर निशाना साधा है जो इस समय स्टडी टूर पर फिनलैंड गए हुए हैं।
दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए गंभीर ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स किए। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'कभी-कभी मेरी दिल्ली को पर्याप्त पानी नहीं मिलता। जब पानी मिलता है तो वे मच्छर जन्म लेते हैं जो चिकुनगुनिया जैसी बीमारी फैलाते हैं। लेकिन इतना भी हमारे नेताओं को घर वापस बुलाने के लिए काफी नहीं है।'
एक और ट्वीट करते हुए इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, 'अस्पतालों में हालात खराब हैं, लोग मर रहे हैं लेकिन नेता दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए स्टडी टूर पर हैं। स्कूल तो इंतजार कर सकते हैं लेकिन मौत नहीं।' इस ट्वीट का इशारा संभवत: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की तऱफ था जो एक स्टडी टूर के लिए फिनलैंड गए हुुए हैं।
एक अन्य ट्वीट में गंभीर ने उम्मीद जताई कि नेता अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। उन्होंने ट्वीट किया, 'कैसा हो यदि हम एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने की बजाय गवर्नेंस की बेसिक बातें सीखें, जो मेरे ख्याल से लोगों की सेवा करना है। उम्मीद करता हूं कि नेताओं को यह बात याद हो।'
Latest India News