पणजी: गोवा के पूर्व मंत्री अतानासियो मोंसेराटे के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली लड़की को सरकारी संरक्षण गृह से मानसिक आरोग्य और मानवीय व्यवहार संस्थान (आईपीएचबी) में भर्ती कराया गया है। उसके असामान्य व्यवहार के कारण आईपीएचबी में भर्ती कराया गया है।
अपराध शाखा के एक अधिकारी ने आज कहा कि मोंसेराटे के खिलाफ मामला दर्ज कराने के बाद 16 वर्षीय लड़की संरक्षण गृह में रह रही थी जिसे आईपीएचबी भेजा गया है। संरक्षण गृह के प्रबंधन ने लड़की के असामान्य व्यवहार की शिकायत की जिसके बाद उसे आईपीएचबी भेजा गया।
मोंसेराटे को लड़की की शिकायत के बाद पांच मई को गिरफ्तार किया गया। लड़की ने शिकायत की कि विधायक ने उसे 50 लाख रूपये में खरीदा था और उसके बाद उससे बलात्कार किया गया। आईपीएचबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, लड़की को निगरानी में रखा गया है। हम उसके व्यवहार पर नजर रख रहे हैं। मामले के ब्यौरे का खुलासा नहीं किया जा सकता क्योंकि इससे रोगी की निजता का हनन होता है।
लड़की को कल शाम संस्थान में भर्ती कराया गया और पुलिस की कड़ी निगरानी में रखा जा रहा है क्योंकि मोंसेराटे जमानत पर बाहर है। अपराध शाखा ने पीड़िता की मां और एक अन्य महिला को मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। सभी वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं।
Latest India News