1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सरकार रेल यात्री और माल भाड़े को बढ़ा सकती है:कांग्रेस

सरकार रेल यात्री और माल भाड़े को बढ़ा सकती है:कांग्रेस

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार ने रेल बजट में गलत दावा किया है कि वह रेल यात्री किराया और माल भाड़ा नहीं बढ़ा रही है बल्कि इस बात की आशंका है कि पिछले साल की तरह से विभिन्न मदों में किराए में वृद्धि की जा सकती है।

rail-fare- India TV Hindi
rail-fare

नई दिल्ली: कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार ने रेल बजट में गलत दावा किया है कि वह रेल यात्री किराया और माल भाड़ा नहीं बढ़ा रही है बल्कि इस बात की आशंका है कि पिछले साल की तरह से विभिन्न मदों में किराए में वृद्धि की जा सकती है। सदन में वित्त वर्ष 2016-17 के रेल बजट एवं अनुदान की अनुपूरक मांगों पर चर्चा शुरू हुई। चर्चा की शुरूआत करते हुए कांग्रेस के के सी वेणुगोपाल ने कहा कि पांच राज्यों में आसन्न विधानसभा चुनाव के कारण सरकार ने रेल किराए में वृद्धि नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार ने टिकट रद्द करने का शुल्क और तत्काल टिकट शुल्क में पिछले ही साल कई गुणा वृद्धि कर दी थी।

उन्होंने कहा कि रेलवे में पारदर्शिता की काफी कमी है और यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सरकार आधारभूत ढांचे पर प्रस्तावित व्यय का वित्त पोषण कहां से करेगी। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने कटाक्ष किया कि बुलेट ट्रेन जरूरी है क्योंकि रेल मंत्री सुरेश प्रभु को अक्सर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से विचार विमर्श करने के लिए मुम्बई से अहमदाबाद जाना पड़ेगा।

चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना की शुरूआत तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने की थी और वर्तमान सरकार इसे आगे बढ़ा रही है। इससे पहले जब चर्चा शुरू की जानी थी तब कांग्रेस और आप सदस्यों ने सुरेश प्रभु के सदन में मौजूद नहीं रहने के विषय को उठाया। पीठासीन पदाधिकारी रत्ना डे नाग ने कहा कि प्रभु राज्यसभा में हैं और जल्द ही लोकसभा में आयेंगे। उनके कनष्ठि सहयोगी रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा सदन में मौजूद हैं।  

Latest India News