श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर राज्य के पुलवामा जिले के पंपोर नगर में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक गश्ती दल पर हथगोले फेंके, जिसमें सेना के तीन जवान और दो नागरिक घायल हो गए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "पंपोर नगर में आज एक ग्रेनेड विस्फोट में 110वीं बटालियन की केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवान और दो नागरिक घायल हो गए।" उन्होंने कहा कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंपोर नगर में सीआरपीएफ की रोड ओपनिंग पार्टी (आरओपी) पर एक ग्रेनेड फेंका गया था।
आरओपी सुरक्षाबलों के अग्रिम गश्ती समूह हैं, जिनका काम राज्य के प्रमुख राजमार्गो एवं वीआईपी मार्गो को बारूदी सुरंग विस्फोटों और आतंकवादी हमलों से बचाना है।
पुलिस ने कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके की घेराबंदी की गई है।
घटनास्थल श्रीनगर शहर से 14 किलोमीटर दूर श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर स्थित है। विस्फोट के बाद राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और घटना से डरे दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं।
Latest India News