आणंद (गुजरात): गुजरात के साणंद स्थित टाटा के एक प्लांट में आज दोपहर आग लग गई। टाटा मोटर्स ने आज कहा कि कंपनी के साणंद विनिर्माण संयंत्र में उसके आपूर्तिकर्ता की एक इकाई में आग लग गई। इस संयंत्र में नैनो और हाल में पेश हैचबैक टियागो मॉडल का उत्पादन किया जाता है।
टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘नैनो के लिए कलपुर्जे की आपूर्ति करने वाली कंपनी मैसर्स सुप्रीम ट्रीव्स की इकाई में आग लग गई। आग पर अब नियंत्रण पा लिया गया है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।’
कंपनी ने कहा कि वह इस घटना से होने वाले नुकसान के आकलन की प्रक्रिया में है। प्रवक्ता ने कहा कि टियागो के उत्पादन पर कोई असर नहीं हुआ है फिर भी कंपनी इसका अभी आकलन कर रही है कि कहीं नैनो का विनिर्माण तो प्रभावित नहीं होगा।
Latest India News