नई दिल्ली: मुंबई में हुए बड़े आतंकी हमले के मास्टर माइंड हाफिज सईद ने पहली बार इस वीभत्स्य हमले की न सिर्फ निंदा की है बल्कि उसके आंसू भी छलक पड़े! एक निजी टेलीविजन को दिए साक्षात्कार में हाफिज ने भारत-पाकिस्तान के बीच एनएसए स्तर की वार्ता पर भी अपनी बात रखी जो हाल ही में रद्द हुई है। उसने इंटरव्यू के दौरान ही साल 2008 के मुंबई हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों के लिए घड़ियाली आंसू बहाए। उसने इस हमले में निर्दोष लोगों को मारने वाले आतंकवादियों की घोर निंदा भी की।
कुख्यात आतंकी संगठन जमात-उल-दवा प्रमुख हाफिज सईद ने इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आड़े हाथों लिया। हाफिज ने कहा कि भारत जंग का एक जुनून फैलाने का काम कर रहा है। गौरतलब है कि मुंबई में हुए साल 2008 के आतंकी हमले में 166 लोग मारे गए थे जबकि 358 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए थे।
आपको बता दें कि साल 2008 के मुंबई हमलों के लिए हाफिज सईद को सबसे बड़ा गुनहगार माना जाता है। वो इस आतंकी हमले का मास्टर प्लानर था और इस संबंध में भारत पाकिस्तान को पुख्ता सबूत भी सौंप चुका है। हालांकि इन सबों के बावजूद हाफिज सईद पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहा है इसको लेकर भारत लगातार अपनी नाराजगी भी जता रहा है।
हाल ही में पकड़े गए एक आतंकी ने भी स्वीकार किया था कि उसे हाफिज के एक गुर्गे ने ही ट्रेनिंग दी थी। हाल ही में पकड़े गए जिंदा आतंक नावेद ने बताया था कि उसे उत्तरी कश्मीर के साथ लगते गुलाम कश्मीर में मुजफ्फराबाद के कंडी हबीबउल्ला क्षेत्र में करीब 21 दिनों की ट्रेनिंग मिली थी।
Latest India News