नई दिल्ली: 26/11 मुंबई हमलों का मास्टर माइंड और जमात उल दावा का प्रमुख हाफिज सईद भारत और अमेरिका की बढ़ती नजदीकियों से घबरा गया है। उसने कहा कि अमेरिका और भारत पाकिस्तान के लिए दुश्मनी की भावना रखते हैं और ऐसे कदमों के लिए भारत को अमेरिका का साथ मिला हुआ है। अमेरिका द्वारा पूर्व में किए गए ड्रोन हमलों पर हाफिज ने पाकिस्तानी सरकार को मशविरा भी दिया।
हाफिज सईद ने इस्लामाबाद की एक मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के बाद सैकड़ों लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका और भारत पाकिस्तान के लिए दुश्मनी की भावना रखते हैं। वहीं हाफिज ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ को यह सलाह भी दी कि वो ड्रोन हमले का माकूल जबाव दें। उसने कहा कि सेना प्रमुख की यह जिम्मेदारी है कि वो अगर पाकिस्तान में किसी भी ड्रोन को देखें तो वो उसे मार गिराएं।
गौरतलब है कि अफगान तालिबान के मुखिया मुल्ला मसूर को मारने के लिए अमेरिका ने पाकिस्तान पर ड्रोन से हमला किया था। 21 मई को हुए इस ड्रोन हमले के खिलाफ हाफिज सईद का संगठन जमात उल दावा पाकिस्तान के प्रमुख शहरों में विरोध प्रदर्शन करने वाला है। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान ही हाफिज लोगों को संबोधित भी करेगा।
Latest India News